कुरुक्षेत्र : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता के ज्ञान सागर से पूरे विश्व में फिर से प्रकाश होगा। इस ज्ञान सागर के प्रकाश से विश्व को एक नई दिशा मिलेंगी। इस प्रकाश क्रूज को आम जन तक पहुंचाने के लिए ही राज्य सरकार द्वारा कुरुक्षेत्र की पावन धरा गीता स्थली पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल वीरवार को गीता ज्ञान संस्थानम में जीओ गीता प्रदर्शनी का उदघाटन करने के दौरान अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने दीपशिखा प्रज्जवलित कर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के उपलक्ष्य मेें 13 से 18 दिसम्बर तक चलने वाली जीओ गीता प्रदर्शनी का मंत्रौच्चारण के बीच विधिवत रुप से उदघाटन किया।
यहां पहुंचने पर नन्ही बेटी काव्या नरुला ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित अन्य मेहमानों का तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, विधायक सुभाष सुधा ने जीओ गीता प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को जीओ गीता प्रदर्शनी के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी में एक पुस्तक मेले का आयोजन किया गया है।
इस पुस्तक मेले में चीन, जापान व अन्य कई देशों सहित 40 भाषाओं में लिखे गए पवित्र ग्रंथ गीता की 650 पुस्तके रखी गई है। इस प्रदर्शनी में पवित्र ग्रंथ गीता पर मंथन और चिंतन करने वाले 40 से ज्यादा स्वतंत्रता सैनानियों के फोटो सहित विचार भी देखने को मिल रहे है। इसके अलावा आधुनिक चिंतकों के विचार और पौराणिक ऋषि-मुनियों के विचारों को भी इस प्रदर्शनी में देखने और जानने का अवसर मिला है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जीओ गीता प्रदर्शनी का अवलोकन करने के उपरांत अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पवित्र गं्रथ गीता के संदेश को पूरे विश्व तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी गीतास्थली धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में राज्य सरकार के प्रयासों से ही गीता जयंती समारोह को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का दर्जा दिया गया। आज युवा पीढ़ी को एक नई राह दिखाने और मानव की प्रत्येक समस्या का समाधान करने के उदेश्य से ही लोगों को खासकर युवा पीढ़ी को पवित्र ग्रंथ गीता का ज्ञान देने का प्रयास किया जा रहा है।
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2018 में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए गीता ज्ञान संस्थानम केन्द्र में पवित्र ग्रंथ गीता को लेकर भव्य और विशाल गुफानुमा प्रदर्शनी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि गीता पूरे विश्व का वंदनीय और प्रेरणादायी ग्रंथ है, इसी ग्रंथ में पूरे विश्व की समस्याओं का समाधान निहित है।
यह पवित्र ग्रंथ जन-जन तक पहुंचे और अपनी वैश्विक पहचान बनाए, के उदेश्य से ही सरकार द्वारा अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर स्वामी शक्ति भाई, केडीबी के सदस्य विजय नरुला, भाजपा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, रविन्द्र सांगवान, ब्लाक समिति थानेसर के चेयरमैन देवी दयाल शर्मा, डा. एसी नागपाल, श्याम आहुजा, पंडित नरेश आचार्य सहित अन्य गणमान्य लोग
मौजूद थे।
(रामपाल शर्मा)