धार्मिक स्थलों पर सकारात्मक ऊर्जा का होता है संचार: योगी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

धार्मिक स्थलों पर सकारात्मक ऊर्जा का होता है संचार: योगी

NULL

रोहतक: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि लोकतंत्र में संवाद एक ऐसी ताकत है जिससे बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान किया जा सकता है। योगी आदित्यनाथ वीरवार को अस्थल बोहर स्थित बाबा मस्तनाथ इंजिनियरिंग कॉलेज में महंत चांद नाथ योगी की स्मृति में नैतिक मूल्य एवं चरित्र निर्माण विषय पर आयोजित व्याख्यान माला में बतौर मुख्यअतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने संवाद को लोकतंंत्र की आधारशिला बताते हुए कहा कि सहमति व असहमति के बीच को ही लोकतंत्र कहा जाता है। अगर सकारात्मक दृष्टिकोण से कार्य किया जाये तो सफलता का प्रतिशत भी बढ़ जाता है। जीवन में सकारात्मकता के महत्व को बताते हुए उन्होंने कहा कि अगर व्यक्ति सकारात्मक सोच के साथ कार्य करता है तो उसे सफलता निश्चित रूप से मिलती है।

साथ ही उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर एकचित होकर बैठने से या स्मरण करने से व्यक्ति में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि जीवन में कभी भी संघर्ष की प्रवृति को पलायन नहीं करना चाहिए। चाहे इसके लिए कितने ही कठिन से कठिन रास्ते क्यों न अपनाने पड़े। महंत चांदनाथ योगी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि विचार कभी मरते नहीं है। उन्होंने कहा कि लोक कल्याण, राष्ट्र कल्याण, नाथ सम्प्रदाय व विश्वविद्यालय के लिए किये गए कार्यों के लिए महंत चांदनाथ को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके विचारों की प्रासंगंगिता भी सदैव बनी रहेगी।

उन्होंने कहा कि महंत चांदनाथ नाथ सम्प्रदाय के लिए एक मणी की तरह थे और उन्होंने सम्प्रदाय को संगठित करने व आगे बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि स्वयं का मोक्ष और आध्यात्मिक सुख ही संत के जीवन का उद्देश्य नहीं होता बल्कि जब तक धरती पर एक भी प्राणी दुख से तृप्त है तब तक संत को चैन से नहीं बैठना चाहिए और यह सब महंत चांदनाथ ने अपने जीवन में किया। उन्होंने कहा कि सम व विषम परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता महंत चांदनाथ में थी और वे धैर्य के प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने कहा कि आधुनिक और पुरातन दोनों में समन्वय करके ही आगे बढऩा होगा।

उन्होंने कहा कि महंत चांदनाथ योगी की इच्छा अनुसार बाबा मस्तनाथ स्मृति मंदिर का निर्माण कार्य यथासमय पूरा होगा और इस विद्यालय को एक नई दिशा मिलेगी। योगी आदित्यनाथ ने मठ के नये गदी नशीन महंत बालक नाथ का पूरा सहयोग करने की अपील की और कहा कि बालक नाथ समाज की धरोहर है। उन्होंने कहा कि सम व विषम परिस्थितियों में समाज को उनके साथ खड़ा रहना होगा। सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्य नाथ का रोहतक में आने पर मुख्यमंत्री की ओर से स्वागत किया। इस अवसर पर बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मारकंडे आहूजा, उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, रमेश भाटिया, एसडीएम अरविंद मल्हाण व ओम प्रकाश बागडी मौजूद रहे।

(मनमोहन कथूरिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।