चंडीगढ़: हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा है कि कांग्रेस हाईकमान या पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी पर दबाव डालकर अध्यक्ष पद की कुर्सी नहीं मिलने वाली। उन्होंने कहा कि यह बात काफी निंदनीय है कि पार्टी के कुछ नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को पार्टी का प्रदेशाध्यक्ष बनाने के लिए इस प्रकार का दबाव बनाने की नीति अपनाई है। अपनी लंच डिप्लोमेसी के जरिये डा. तंवर ने पत्रकारों से अनौपचारिक तौर पर बातचीत करते हुए कहा कि पार्टी की कोई गरिमा है और कोई खुला मंच अध्यक्ष पद के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई नेता अपनी बात रखना चाहता है तो पार्टी हाईकमान के समक्ष रखी जा सकती है परंतु जो तौर तरीका हुड्डा के समर्थक विधायक अपना रहे है वो कतई भी उचित नहीं है और इसे सराहा नहीं जा सकता।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने के लिए मोर्चा खोलने वाले हुड्डा समर्थक विधायकों को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने दो टूक शब्दों में कह दिया है कि ऐसा दबाव पार्टी नहीं मानती और ना ही उन्हें दबाव बनाने की कोशिश करनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी आलाकमान से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने की मांग करने वाले हुड्डा समर्थक विधायकों को ये भी स्पष्ट शब्दों में कह दिया कि जिनके अपने निजी स्वार्थ है वो इस तरह की बाते उठाते है जिसका कोई औचित्य नहीं और ना ही इसकी जरूरत होनी चाहिए।
आपको बता दे कि हुड्डा समर्थक विधायक पार्टी प्रभारी कमल नाथ को कह चुके है कि अगर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष ना बनाया तो कांग्रेस के 12 विधायक अपने पदों से इस्तीफा दे देंगे। वही उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सामने भविष्य में चुनौतियां क्या है, राहुल गांधी के नेतृत्व में हरियाणा कैसा हो, कांग्रेस कैसी होनी चाहिए, सरकार की खामियों को किस तरह से उजागर किया जाए और कांग्रेस का साल का रोड मैप क्या होगा। इन सभी मुद्दों को लेकर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस मंथन शिवर का आयोजन कर रही है। इसके साथ साथ उन्होंने बताया कि साइकल यात्रा फरवरी माह में निकाली जाएगी। आपको बता दे कि पूर्व मुख्यमंत्री पहले ही फरवरी माह में रथ यात्रा निकालने का एलान कर चुके है।
उल्लेखनीय है कि गत दिवस कांग्रेसी विधायक जयबीर वाल्मिकी ने यहां तक कह दिया कि यदि श्री हुड्डा को प्रदेशाध्यक्ष न बनाया गया तो पार्टी को भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बदलाव की जरूरत है और 36 बिरादरी के लोग हुड्डा के साथ है और कांग्रेस को पूर्ण बहुमत के साथ हरियाणा में फिर से विजयी बनाएगें। अगर हुड्डा को हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष नही बनाया गया तो 12 विधायक अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। श्री हुड्डा का एक ही मकसद है कि हरियाणा में फिर से कांग्रेस को मजबूत बनाएं और जो लोग मोदी के पीछे भाग रहे थे उन्हें फिर से एकजुट करें।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।
(आहूजा)