पीएम मोदी ने दिया महिलाओं को स्वाभिमान : किरण शर्मा चोपड़ा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

पीएम मोदी ने दिया महिलाओं को स्वाभिमान : किरण शर्मा चोपड़ा

किरण शर्मा चोपड़ा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को स्वाभिमान से जीना सिखाया है,

करनाल/नीलोखेड़ी : करनाल के सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा की धर्मपत्नी तथा वरिष्ठ नागरिक केसरी कल्ब की चेयरपर्सन श्रीमति किरण शर्मा चोपड़ा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को स्वाभिमान से जीना सिखाया है, जो हक उन्हें मिलना चाहिए था, वह देश के प्रधानमंत्री ने दिया है। आज देश की करोड़ों महिलाएं उज्जवला योजना के तहत निशुल्क दिए गए गैस कनैक्शन से न केवल अपने बच्चों का भोजन पका रही हैं, बल्कि सेहतमंद भी रह रही हैं। वह नीलोखेड़ी में महिला भाजपा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि के तौर पर महिलाओं को संबोधित कर रही थी।

इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय राहटकर बतौर मुख्यातिथि के तौर पर पधारी थी। श्रीमती चोपड़ा ने कहा कि भाजपा की सरकार ने देश की करीब छह करोड़ महिलाओं को उज्जवला योजना के तहत निशुल्क गैस कनैक्शन देकर उन्हें जीने की राह दिखाई है। पहले महिलाएं चुल्हे में धुंए से तंग रहती थी, लेकिन अब शान से रसोई घर चलाती हैं। इस साल भी यह लक्ष्य आठ करोड़ का निर्धारित किया गया है। भाजपा ने महिलाओं को मान सम्मान दिया है।

उन्होनें यह भी कहा कि भाजपा की पहली ऐसी सरकार है जिन्होंने आम बजट के दौरान आम लोगों के लिए पांच लाख तक की आय को टैक्स फ्री किया है। भाजपा की सरकार ने महिलाओं को भी लोन बजट में राहत दी है। यही नही देश की मोदी सरकार ने देश के किसानों का भी मान सम्मान किया है। अब दो हैक्टेयर वाले किसानों को छह हजार रुपए प्रतिवर्ष मिलेंगे, यह सराहनीय कदम है। कोई तो सरकार है कि जिसने किसानों के प्रति सकारात्मक सोच दिखाई है। उन्होंने कहा कि जवान हो या कामगार या फिर मिडल कलास या कर्मचारी सभी पर मोदी सरकार मेहरबान हुई है। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं भी किसी ने कम नही है।

देश की महिलाएं जब भी आगे बढ़ी हैं तो देश आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे आने की जरूरत है। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को दिए गए निशुल्क गैस कनैक्शन से बनी चाय का स्वाद भी लिया और महिलाओं का धन्यवाद भी किया। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं श्रीमति किरण चौपड़ा के समक्ष रखी। लोगों ने करनाल के सांसद का कुशलक्षेम भी पूछा।

इस अवसर पर कार्यक्रम की आयोजक तथा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री मीना चौहान, प्रदेशाध्यक्ष निर्मला बैरागी, उपाध्यक्ष महेश चौहान, जिलाध्यक्ष मीना काम्बोज, प्रदेश प्रभारी कविता चौधरी, नपा की चेयरमैन सनमीत कौर, उपाध्यक्ष कोमल मुंजाल, तरावड़ी नपा की चेयरमैन रेखा कबीरपंथी, जिला महामंत्री राजबीर शर्मा, मंडलाध्यक्ष दीपक बंसल, महेंद्र बाकीपुर, पार्षद बलविंद्र कालड़ा, राजविन्द्र कौर, अंजू भोला, नीरू तनेजा, नरेंद्र शर्मा, बलबीर शर्मा समेत कई महिलाएं मौजूद रही।

हरीश चावला/विजय गुलाटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

thirteen + 11 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।