सोहना : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जनआशीर्वाद यात्रा की शुरुआत सोहना खंड के ऐतिहासिक गांव भौंड़सी में शहीद स्मारक पर शहीदों को नमन करके की। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा वीरों की भूमि है। देश की सेना में आज हर 5वां जवान हरियाणा से शामिल होकर सरहद पर देश रक्षा के लिए खड़ा है। उन्होने कहा कि गांव भौंड़सी को सैनिकों की खान कहा जाता है। देश व प्रदेश के युवाओं में देशभक्ति की भावना कूट-कूटकर भरी हुई है। इस मौके पर किसान मोर्चा की तरफ से मुख्यमंत्री मनोहर लाल को किसानी का प्रतीक हल देकर सम्मान की प्रतीक पगड़ी पहनाई गई।
जन आशीर्वाद यात्रा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ प्रदेश के शिक्षा मंत्री प्रोफेसर रामबिलास शर्मा, साइबर सिटी से भाजपा विधायक उमेश अग्रवाल, सोहना हलका से भाजपा विधायक तेजपाल तंवर, भाजपा के जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौहान, जिलापरिषद प्रमुख कल्याण सिंह चौहान समेत भाजपा के कई प्रदेश और जिला व हलकास्तरीय पदाधिकारी भी मुख्यमंत्री के साथ चल रहे है। जन आशीर्वाद यात्रा का गांव धुनेला में पहुंचने पर भाजपा के पूर्व जिलाउपाध्यक्ष राव जसवंत सिंह धुनेला की अगुवाई में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
जन आशीर्वाद यात्रा ने गांव धुनेला होते हुए शहर सोहना में चुंगी नंबर एक के रास्ते से प्रवेश किया। यहां से निकल कर जनआशीर्वाद यात्रा शहर की राघववाटिका पर आई। जहां पर भाजपा के वरिष्ठ नेता कुंवर अरिदमन सिंह बिल्लू की अगुवाई में मौजूद लोगों ने स्वागत किया। इस मौके पर उमड़े जनसैलाब को देख मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भाजपा नेता कुंवर अरिदमन सिंह बिल्लू को यात्रा की कामयाबी के लिए मेहनत करने पर शाबाशी दी।
यहां से निकल कर यात्रा सोहना बाईपास चौक से आगे पहुंचने पर भाजपा से जुड़े व्यापारी नेता और अग्रवाल सभा के प्रधान सेठ सुभाष बंसल की अगुवाई में हजारों लोगों ने शानदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्वागत-सत्कार से इतना खुश हुए कि उन्होने भाजपा नेता सुभाष बंसल को भीड़ के बीच से बुलाकर रथ पर अपने साथ चढ़ा लिया। सोहना से जन आशीर्वाद यात्रा सोहना घाटी वाले रास्ते से होकर पहाड़ ऊपर घामदास की प्याऊ पहुंचने पर सरपंच आस मोहम्मद की अगुवाई में लोगों ने जन आशीर्वाद यात्रा का स्वागत किया।