बाकी विधायक भी जल्दी आएंगे सामने - Punjab Kesari
Girl in a jacket

बाकी विधायक भी जल्दी आएंगे सामने

दुष्यंत चौटाला के पारिवारिक प्रतिद्वद्वी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि गौतम का पार्टी उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा

हरियाणा में भाजपा के साथ गठबंधन में सत्तारूढ जजपा के एक वरिष्ठ विधायक राम कुमार गौतम के हाल में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद नेतृृत्व और खासकर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की कडी आलोचना किए जाने के बाद शनिवार को दुष्यंत चौटाला के पारिवारिक प्रतिद्वद्वी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि गौतम का पार्टी उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा तो शुरूआत है। जल्दी ही बाकी विधायकों का रोष भी सामने आएगा। 
अब तक अभय सिंह जजपा के अंदरूनी घटनाक्रम पर चुप थे। लेकिन शनिवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने यह भी कहा कि यह जजपा की समाप्ति की शुरूआत है। अब लोगों का जजपा से मोहभंग हो रहा है और वे इंडियन नेशनल लोकदल की ओर लौट रहे है। उन्होंने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल को तोडने की साजिश भाजपा और जजपा नेताओं ने मिलकर रची थी। 
भाजपा तो 75 पार के दावे से मात्र चालीस सीटों पर सिमट गई वहीं जजपा अगले छह माह में सिमट जायेगी। अभय सिंह ने जजपा पर कडा प्रहार करते हुए कहा कि धान के वैरीफिकेशन के नाम पर मिलों से वसूली की गई है। वैरीफिकेशन पूरा होने के बाद वे खुलासा करेंगे कि किसने कहां से कितने पैसे लिए। 
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 के दिसम्बर माह में चाचा अभय सिंह चौटाला और भतीजे दुष्यंत चौटाला के बीच वर्चस्व की जंग के चलते इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला ने दुष्यंत चौटाला और उनके पिता एवं अपने बडे पुत्र अजय सिंह को पार्टी से निकाल दिया था। 
इसके जवाब में अजय सिंह के संरक्षण में जजपा का गठन किया गया था। इसी साल अक्टूबर के विधानसभा चुनाव में जजपा को दस सीटें मिली थी और भाजपा के साथ गठबन्धन कर वह प्रदेश में सत्तारूढ हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।