करनाल : नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर आज अपनी मांगों को लेकर सैंकड़ों कर्मचारियों ने सड़कों पर उतरकर शहर में जोरदार झाडू प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने सरकार से मांग की कि हरियाणा से ठेका प्रथा को बंद किया जाए व कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। प्रदर्शन की अध्यक्षता करनाल इकाई प्रधान वीरभान ने की। प्रदर्शन का संचालन कर रहे अशोक प्रोर्चा ने बताया कि 27 व 28 अप्रैल को सभी कर्मचारियों ने झाडू प्रदर्शन करने का निर्णय लिया हुआ है।
उन्होंने बताया कि इस आंदोलन को लेकर 28 अप्रैल को भी शहर में झाडू प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि 2 व 3 मई को 24 घंटे की भूख हड़ताल रखी जाएगी। श्री वीरभान एवं प्रोर्चा ने बताया कि 29 अप्रैल को हरियाणा से लाखों कर्मचारी जींद पहुंचेंगे और करनाल से 10 गाडिय़ां भरकर जींद के लिए रवाना होगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हरियाणा से ठेकेदारी प्रथा को बंद नहीं किया गया तो पूरा हरियाणा 9, 10 व 11 मई को नगर निगम के समक्ष हड़ताल करेंगे और यह हड़ताल ओर आगे भी बढ़ाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने फायर ब्रिगेड कर्मचारियों को जो नोटिस दिया हुआ है नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा मांग करता है कि इन कम्रचारियों को हटाने की कोशिश न करें अन्यथा आंदोलन ओर तेज किया जाएगा। इस दौरान सभी कर्मचारी नेताओं ने झाडू प्रदर्शन कर सरकार की नीतियों के बारे में कर्मचारियों को अवगत भी करवाया।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।
– आशुतोष/हरीश