मां जीवन का पहला गुरु : दिग्विजय - Punjab Kesari
Girl in a jacket

मां जीवन का पहला गुरु : दिग्विजय

दिग्विजय चौटाला ने कहा है कि उन्होंने और युवा सांसद दुष्यंत चौटाला ने जननायक चौधरी देवीलाल की नीतियों

चंडीगढ़ : जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय चौटाला ने कहा है कि उन्होंने और युवा सांसद दुष्यंत चौटाला ने जननायक चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलने का निर्णय लिया है और उनकी पार्टी डॉ अजय सिंह चौटाला व नैना सिंह चौटाला के मार्गदर्शन में आगे बढ़ेगी। दिग्विजय ने कहा कि पूरी दुनिया और खासकर हमारे देश में मातृशक्ति का सम्मान सर्वोपरि है।

आज़ादी की लड़ाई से लेकर राजनीति, खेल, शिक्षा और हर क्षेत्र में महिलाओं का योगदान अहम है। दिग्विजय ने कहा है कि जो मां का सम्मान नहीं करते, उनसे किसी भी तरह के पारिवारिक या सामाजिक बड़प्पन की उम्मीद नहीं की जा सकती। दिग्विजय चौटाला ने यह प्रतिक्रिया मीडिया में चल रहे नेता विपक्ष के उस बयान पर दी जिसमें वे कह रहे हैं कि जो मां से राजनीति सीखते हैं, उनकी सोच छोटी होती है।

दिग्विजय ने हैरानी जताई कि जिस मां को जीवन का पहला गुरू कहा जाता है, जो उंगली पकड़ कर चलना सिखाती है और फिर जीवन भर अपनी सुरक्षा से बच्चे को ताकत देती है, उसके योगदान और सीख पर कोई कैसे सवाल उठा सकता है। उन्होंने कहा है कि ऐसे बयान राजनीतिक माहौल का स्तर भी गिराते हैं और सामाजिक रूप से भी गलत संदेश देते हैं।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि इनेलो का मौजूदा नेतृत्व महिलाओं को सम्मान देना भूल चुका है। इसका जीता जागता उदाहरण यह है कि इनेलो की महिला विंग की प्रधान शीला भ्याण जी उन पहले नेताओं में थी जिन्होंने अजय सिंह चौटाला के नेतृत्व और दुष्यंत चौटाला के संघर्ष का साथ देना का ऐलान किया था। शीला भ्याण जी जजपा परिवार को लगातार आशीर्वाद और मजबूती दे रही हैं।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि उनकी मां नैना सिंह चौटाला ने उन्हें हमेशा अच्छी सीख और संस्कार दिए हैं। साथ ही अपना लक्ष्य और सोच ऊंची रखने की प्रेरणा दी है। उस वक्त में जब उनका परिवार और अजय सिंह चौटाला के शुभचिंतक साजिशों के शिकार हो रहे थे, नैना सिंह ने धैर्य और साहस का परिचय देते हुए अपनी भूमिका बहुत जिम्मेदारी के साथ निभाई। उनके ‘हरी चुनरी चौपाल’ कार्यक्रम को पार्टी संगठन का ना के बराबर सहयोग मिला, बल्कि तमाम तरह की अड़चनें भी पैदा की गई।

उसके बावजूद हरियाणा की राजनीति में महिला शक्ति को साथ लेने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रमों का सिलसिला उन्होंने जारी रखा। महिलाओं पर ऐसे सफल आधारित कार्यक्रम प्रदेश की राजनीति में पहले कभी नहीं हुए। इसके साथ ही युवा नेता दिग्विजय चौटाला ने बताया कि जननायक जनता पार्टी के भावी कार्यक्रमों में माताओं-बहनों की हिस्सेदारी बराबर की होगी और पार्टी से महिलाओं को जोडऩे वाले कार्यक्रम तेज किए जाएंगे।

(राजेश जैन)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।