पत्रकार हत्याकांड : राम रहीम पर फैसले के मद्देनजर पंजाब, हरियाणा में सुरक्षा बढ़ाई गई - Punjab Kesari
Girl in a jacket

पत्रकार हत्याकांड : राम रहीम पर फैसले के मद्देनजर पंजाब, हरियाणा में सुरक्षा बढ़ाई गई

अगस्त 2017 में राम रहीम को सजा सुनाए जाने के दौरान हरियाणा के सिरसा और पंचकूला में हिंसा

हरियाणा में सिरसा के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर आज पंचकूला की विशेष सीबीआई कोर्ट द्वारा फैसला सुनाए जाने के मद्दे नजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरियाणा और पंजाब के कई क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम इस मामले में आरोपी है।

हरियाणा में, विशेषकर पंचकूला, सिरसा और रोहतक जिलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। यहां कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति से निपटने के लिये राज्य सशस्त्र पुलिस की कई कंपनियों, दंगा विरोधी पुलिस और कमांडो बल को तैनात किया जा रहा है। हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) मोहम्मद अकील ने कहा, ‘हरियाणा में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।’

Ram Rahim

पुलिस अधिकारी ने कहा कि सभी जिलों की पुलिस को लोगों को गैरजरूरी रूप से जमा होने से रोकने और अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश दिये गए हैं। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में नाकेबंदी भी की गई है। पुलिस ने कहा कि सिरसा में डेरा सच्चा सौदा के मुख्यालय के नजदीक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

अगस्त 2017 में राम रहीम को सजा सुनाए जाने के दौरान हरियाणा के सिरसा और पंचकूला में हिंसा भड़क गई थी, जिसमें 40 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। 51 वर्षीय राम रहीम अपनी दो अनुयायियों के बलात्कार के जुर्म में रोहतक की सुनारिया जेल में 20 साल की सजा काट रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।