इंदिरा गांधी और सरदार पटेल ने देश की एकता के लिए काम किया : कुमारी शैलजा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

इंदिरा गांधी और सरदार पटेल ने देश की एकता के लिए काम किया : कुमारी शैलजा

शैलजा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ भाजपा के पास आजादी से जुड़ा कोई नेता नहीं

हिसार : हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को नमन करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने देश की एकता एवं अखंडता के लिए काम किया। 
कांग्रेस नेता ने इंदिरा गांधी को उनकी 35वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने देश के लिए अपनी कुर्बानी दे दी। मालूम हो कि वर्ष 1984 में इंदिरा गांधी की उनके अंगरक्षकों ने ही हत्या कर दी थी। शैलजा ने कहा, ‘‘ उन्होंने (इंदिरा गांधी) बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया। उन्होंने गरीब, आम लोगों, किसानों और दलितों को आवाज दी जिसके लिए देश उन्हें याद कर रहा है।’’ 
इंदिरा गांधी को कई ऐतिहासिक फैसले लेने का श्रेय देते हुए शैलजा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री का हरियाणा से विशेष लगाव था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ जिस दिन उन्होंने जन्म लिया उसी दिन से हरियाणा से उनका नाता हो गया। उन्होंने हरियाणा का पोषण किया। राज्य के किसानों को सबसे अधिक फायदा हुआ और इंदिरा जी की वजह से किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य मिल सका।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में किसानों की हालत बदतर हुई है। 
1572533706 31 3
शैलजा ने सरदार पटेल को भी उनकी 144वीं जयंती पर याद किया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ भाजपा के पास आजादी से जुड़ा कोई नेता नहीं है। इसलिए आज वह सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम का सहारा ले रही है।’’ शैलजा ने कहा, ‘‘ सरदार पटेल कट्टरपंथ के खिलाफ थे और हमेशा धर्मनिरपेक्षता के लिए खड़े हुए।’’ 
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, भाजपा ‘स्टेच्यु ऑफ यूनिटी’ की बात करती है लेकिन सुविधानुसार सरदार सरोवर बांध को भूल जाती है जिसके किनारे यह प्रतिमा स्थापित की गई है और जो कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की तरफ से उपहार है। उन्होंने कहा, ‘‘बांध का नाम नेहरू ने सरदार पटेल के नाम पर रखा था। 
शैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों और गरीबों के लिए लड़ती है और देश को आगे ले जाने को इच्छुक है। उन्होंने कहा, ‘‘ हमें इंदिरा गांधी के बलिदान और सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना होगा और लोगों तक पहुंचने के लिए कांग्रेस की नीतियां बनानी होंगी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इस दिशा में काम कर रहे हैं।’’ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।