हरियाणा को मिले 15 नए नेशनल हाईवे : नरबीर - Punjab Kesari
Girl in a jacket

हरियाणा को मिले 15 नए नेशनल हाईवे : नरबीर

नरबीर ने कहा कि अहीरवाल का लंदन रेवाड़ी को कहा जाता है। जिसका इतना विकास पहले कभी नहीं

रेवाड़ी : हरियाणा के लोक निर्माण एवं वन मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि अहीरवाल का लंदन रेवाड़ी को कहा जाता है। जिसका इतना विकास पहले कभी नहीं हुआ, जोकि वर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सहयोग से हो पाया है। उन्होंने कहा कि आज अकेले रेवाडी जिला में 12 सौ करोड रुपए से सड़कों की दशा को सुधारा गया है।

जिसमें 12,18 और 33 फीट की सड़कों का निर्माण शामिल है। लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह शनिवार को रेवाड़ी में लोक निर्माण विभाग के 10 करोड रूपये की लागत से नवनिर्मित विश्रामगृह का उदघाटन करने उपरांत जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब हरियाणा प्रदेश का गठन हुआ उस समय चार नेशनल हाईवे थे और 48 साल तक केवल 11 नेशनल हाईवे ही बने लेकिन हमारे भाजपा सरकार के 52 माह के शासनकाल में 15 नये नेशनल मंजूर किये गये।

उन्होंने कहा कि रेवाड़ी-नारनौल मार्ग को फॉर लेन बनाने का काम किया जा रहा है। जिस पर 29 सौ करोड रूपये की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने बताया कि रेवाड़ी-पटौदी रोड को भी नेशनल हाईवे मंजूर किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 51 आरओबी मंजूर किये गये है। उन्होंने कहा कि अहीरवाल क्षेत्र पूर्व में विकास के मामले पिछडा हुआ था।

पूर्व की सरकारों ने इस क्षेत्र को पिछडा बनाने में कोई कमी नहीं छोडी थी लेकिन अहीरवाल में आज विकास योजनाओ को मूर्त रूप दिया जा रहा है, यह मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सहयोग से ही संभव हो पाया है। आज रेवाडी शहर को सुंदर बनाने के लिए सडके, फ्लाईओवर और नये भवन बनाने का काम हो रहा है।

राव नरबीर सिंह ने वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा हरियाणा प्रदेश में करवाए गए कार्यों का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि हरियाणा को बने हुए 52 वर्ष हो गए हैं, इनमें विकास कार्यों का आंकलन करने पर आप पाएंगे कि भाजपा के इन सवा चार वर्षों का कार्यकाल अन्य दलों के 48 वर्षों के कार्यकाल पर भारी है। उन्होंने पुलिस भर्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भर्ती में हर विधायक को कोटा मिलता था और भर्तियों में भ्रष्टाचार व्याप्त था, लेकिन अब मैरिट के आधार पर नौकरियां दी जा रही हैं।

– शशि सैनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

13 − 4 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।