हरियाणा: ऐलनाबाद विधानसभा उपचुनाव में अभय चौटाला ने लहराया जीत का परचम - Punjab Kesari
Girl in a jacket

हरियाणा: ऐलनाबाद विधानसभा उपचुनाव में अभय चौटाला ने लहराया जीत का परचम

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता अभय सिंह चौटाला ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गोविन्द कांडा को

हरियाणा उपचुनाव के नतीजे सत्ता में बैठी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए अच्छे नहीं रहे। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता अभय सिंह चौटाला ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गोविन्द कांडा को हरियाणा के ऐलनाबाद निर्वाचन क्षेत्र में हुए विधानसभा उपचुनाव में 6,739 मतों से पराजित किया।
कांग्रेस रही तीसरे नंबर पर 
कांग्रेस के उम्मीदवार पवन बेनीवाल तीसरे स्थान पर रहे और उनकी जमानत जब्त हो गई। भाजपा-जजपा की ओर से संयुक्त उम्मीदवार कांडा ने चौटाला को चुनाव में कड़ी टक्कर दी। केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में चौटाला ने जनवरी में विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद उपचुनाव हुए। 
अभय की यह चौथी जीत है
उपचुनाव के लिए मतदान 30 अक्टूबर को हुआ था और इसके नतीजे मंगलवार को घोषित किये गए। कुल 1.86 लाख मतदाताओं में से 81 प्रतिशत ने मतदान किया। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी किये गए नतीजों के अनुसार, इनेलो के अभय चौटाला (58) ने भाजपा के गोविंद कांडा को 6,739 मतों से पराजित किया। चौटाला परिवार का गढ़ मानी जाने वाली इस सीट से अभय की यह चौथी जीत है। 
इस सीट पर 19 प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया था
इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा चुनाव में पांचवीं बार जीत दर्ज की है। चौटाला को 65,992, कांडा को 59,253 और बेनीवाल को 20,904 मत मिले। इस बार चौटाला को मिली जीत में वोट का अंतर 2019 के मुकाबले कम रहा। उन्होंने 2019 में ऐलनाबाद से 12 हजार मतों से विजय हासिल की थी। इस सीट पर 19 प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया था, जिनमें से ज्यादातर निर्दलीय उम्मीदवार थे। गोविन्द कांडा, हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष और विधायक गोपाल कांडा के भाई हैं और वह पिछले महीने भाजपा में शामिल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।