दुष्यंत-दिग्विजय इनेलो से निष्कासित - Punjab Kesari
Girl in a jacket

दुष्यंत-दिग्विजय इनेलो से निष्कासित

ओम प्रकाश चौटाला ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय सिंह को इनेलो

चंडीगढ़ : जेबीटी भर्ती घोटाले में सजा काट रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय सिंह को इनेलो की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया। दुष्यंत चौटाला को पार्लियामेंट में पार्टी की संसदीय समीति के नेतृत्व से भी हटा दिया है। ओम प्रकाश चौटाला ने यह कार्रवाई ऐसे समय में की है जब उनके साथ जेबीटी भर्ती घोटाले में जेल काट रहे बड़े बेटे अजय सिंह चौटाला पैरोल पर बाहर आने वाले हैं।

शुक्रवार की दोपहर ही अजय सिंह की पैरोल मंजूरी हुई है। जिसके कुछ घंटे बाद ओम प्रकाश चौटाला द्वारा की गई इस कार्रवाई को पार्टी के वर्तमान नेतृत्व की गहरी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय सिंह पर बीती 7 अक्तूबर को गोहाना में आयोजित चौधरी देवी लाल के जन्म दिवस उत्सव के दौरान अनुशासनहीनता, हुड़दंगबाजी और पार्टी नेतृत्व के विरुद्ध असंतोष फैलाने वाली नारेबाजी के आरोप लगाए गए थे। इस मामले में दुष्यंत व दिग्विजय को निलंबित करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

दुष्यंत के बाद दिग्विजय भी इनेलो से निलंबित

दुष्यंत ने नोटिस का जवाब देने की बजाए ओम प्रकाश चौटाला को एक पत्र लिखकर अपने उपर लगाए गए तमाम आरोपों के सबूत मांगे थे। पार्टी नेतृत्व ने दुष्यंत को इस बारे में कोई सबूत मुहैया नहीं करवाया अलबत्ता उन्होंने दावा किया किया था कि उन्होंने अपने स्तर पर पूरे घटनाक्रम की रिकार्डिंग जुटाई है। पिछले करीब एक सप्ताह से दुष्यंत चौटाला जहां मीडिया से दूरी बनाए हुए थे वहीं उनकी मां नैना चौटाला खुलकर बेटों का बचाव करते हुए अपने देवर एवं विपक्ष के नेता अभय चौटाला के विरूद्ध मुखर हो गई थी।

दुष्यंत, दिग्विजय और नैना चौटाला पिछले दो सप्ताह से लगातार कार्यकर्ताओं के बीच रहकर बैठकों का आयोजन कर रहे हैं। शुक्रवार को हुए अभूतपूर्व घटनाक्रम के दौरान इनेलो सुप्रीमों ओम प्रकाश चौटाला ने दुष्यंत व दिग्विजय को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्काषित कर दिया।

(राजेश जैन)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।