जींद : कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा के केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के गृह हल्के में विरोधियों को लपेटने के साथ-साथ आह्वान किया कि अगर उचाना की जनता ने उनका साथ दिया तो वे खुद इस क्षेत्र को संभाल कर यहां विकास की ब्यार बहाएंगे। क्योंकि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में जो कहा गया है, उसे पूरा किया गया है। इसलिए आज भाजपा और इनेलो को हुड्डा सपने में नजर आते है। दोनों पार्टियों के नेताओं के निशाने पर सिर्फ हुड्डा रहते है। भाजपा को चाहिए कि वो हुड्डा राग जपना छोड़ कर प्रदेश की जनता को हिसाब दे कि उन्होंने अपने चार साल के शासनकाल में क्या-क्या किया है। इनेलो को चाहिए कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा की चिंता छोड़ कर विपक्ष की भूमिका निभाते हुए कार्य करेंं। सांसद हुड्डा शनिवार को उचाना की कपास मंडी में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
जनसभा में उमड़ी भीड़ से कांग्रेस सांसद खुश नजर आए। इसकी अध्यक्षता मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन विरेंद्र घोघडिय़ा ने की। इस मौके पर पूर्व मंत्री संपत्त सिंह, रामभज लोधर, पूर्व विधायक प्रो. रामभगत, नरेंद्र श्योकंद, जुलाना से पार्टी प्रत्याशी रहे प्रो. धर्मेंद्र ढुल, प्रदेश सचिव जगबीर ढिगाना, सुरेश गोयत झांझ, जींद ब्लॉक के पूर्व प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर, महावीर कंप्यूटर, सुनील जुलानी, विजेंद्र ढाढरथ, दिनेश धड़ौली, दलबीर रेढू, जगदीश बीबीपुर, संजय जागलान, दीपक पिंडारा आदि कांग्रेसी मौजूद थे। दीपेंद्र ने कहा कि बेशक किसी को तकलीफ हो लेकिन उचाना हमारा हलका है। जितना अधिकार किलोई पर है उतना ही अधिकार हमारा उचाना पर है। मेरा दादा किलोई से है तो मेरी दादी डूमरखा गांव से है। इस हलके को वो खुद संभालेंगे। राजनीति लड़ाई के लिए आपके साथ की जरूरत है।
आप लोग साथ दोंगे तो फिर किसी की परवाह नहीं है। हलके की रैली में जो भीड़ आज उमड़ी है उससे साफ है कि हलके की राजनीति आने वाले दिनों में बदलेगी। सांसद ने कहा कि भाजपा, इनेलो का मिशन सिर्फ एक ही कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा की बढ़ रही लोकप्रियता को कैसे रोका जाए। दिन को तो अलग-अलग होते है लेकिन रात को दोनों पार्टियों के नेता मिलकर रणनीति बनाते है। आने वाले विस चुनाव में ये दोनों गठबंधन करेंगे। प्रदेश की जनता आज मन बना चुकी है वो कांग्रेस को सत्ता में लाने का काम करेंगी। जब किसान पराली जलाने पर गांव का सरपंच सस्पेंड हो सकता है तो तीन बार प्रदेश को जलवाने पर सीएम को भी सस्पेंड होना चाहिए।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।
– संजय शर्मा