ओपी चौटाला की आड़ में इनेलो संगठन को तोड़ने का रचा गया षड्यंत्र : दुष्यंत - Punjab Kesari
Girl in a jacket

ओपी चौटाला की आड़ में इनेलो संगठन को तोड़ने का रचा गया षड्यंत्र : दुष्यंत

दुष्यंत चौटाला ने कहा उनके दादा ओमप्रकाश चौटाला की आड़ में इनेलो को तोड़ने का षड्यंत रचा गया

पिपली : सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि उनके दादा ओमप्रकाश चौटाला की आड़ में इनेलो संगठन को तोड़ने का षड्यंत रचा गया है। हमारे परिवार ने हमेशा पार्टी को ताकत देने का काम किया, लेकिन उन्हें भी इस साजिश का शिकार होना पड़ा। पार्टी के प्रधान महासचिव अजय सिंह चौटाला को पार्टी से निष्कासित किए जाने पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि निष्कासन गैर कानूनी है और जिस पत्र के तहत अजय चौटाला को पार्टी से निकाला गया है, वह निष्कासन पत्र भी फर्जी है। जींद में 17 नवंबर को इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में वे अपने पत्ते खोलेंगे। दुष्यंत ने कहा कि प्रतिपक्ष नेता पद बचाने के लिए नैना चौटाला के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। अगर अभय चौटाला में हिम्मत है तो वे दूसरे पदाधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करके दिखाएं।

वे बृहस्पतिवार को पिपली विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने अजय सिंह चौटाला को पार्टी से निष्कासन किए जाने पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि यह सारा घटनाक्रम गैर कानूनी रहा। पार्टी के सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला से अजय सिंह चौटाला को निकालने की कोई स्वीकृति नहीं ली गई। उन्होंने दावा किया कि जिस निष्कासन पत्र की आड़ में अजय सिंह चौटाला को पार्टी से निकाला गया है, वह पत्र बिल्कुल फर्जी है। उन्होंने इस निष्कासन पत्र को सार्वजनिक किए जाने की मांग की। पत्र सार्वजनिक किए जाने से सारी सच्चाई कार्यकर्ताओं के सामने आ जाएगी। अजय सिंह चौटाला ने पार्टी के प्रधान महासचिव रहते हुए संगठन को मजबूती से सींचने का काम किया है।

ऐसे में अजय सिंह चौटाला को पार्टी से बाहर करना असंवैधानिक है। उन्होंने कहा कि अजय सिंह चौटाला और उन्हें षडयंत्र रचकर पार्टी से दूर करने का काम किया जा रहा है। ऐसे कई अनेकों घटनाक्रम है, जिससे ये षडयंत्र साबित होता है। उन्होंने कहा कि उनकी माता नैना चौटाला ने भी पार्टी को मजबूत करने का काम किया है और पिछले कई दिन से महिलाओं की बैठकें लेकर साजिश को बेनकाब कर रही हैं। अगर नैना चौटाला भी पार्टी के अनुशासन को तोड़ रही है तो उन्हें पार्टी से क्यों निष्कासित नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि अभय चौटाला अपना प्रतिपक्ष नेता पद बचाने के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई करने का साहस नहीं जुटा पा रहे। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा के कंधे का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि पीछे से ट्रायगर और कोई दबा रहा है।

उन्होंने कहा कि 17 नवंबर को जींद में इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारियों को न्यौता दिया गया है। उन्होंने निलंबन पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि बिना नोटिस के निकाला जाना किसी भी सूरत में तर्कसंगत नहीं है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता जानते हैं कि उनके परिवार ने पार्टी को मजबूत करने का काम किया है और पार्टी के कार्यकर्ता उनके संघर्ष के साथी रहे हैं। उन्होंने कहा कि जींद बैठक में ही पहुंचकर वे कोई निर्णय लेंगे। निर्णय सभी पदाधिकारियों की सहमति से लिया जाएगा। नेशनल हैराल्ड मामले को दुष्यंतदुष्यंत चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर नेशनल हैराल्ड मामले में बोलते हुए कहा कि नेहरू के नाम पर हुड्डा ने जनता के पैसे को लुटाने का काम किया।

बैठक बुलाने के अधिकार पर सवाल उठाने वाले इनेलो का संविधान पढ़ें : अजय

– जरनैल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।