चंडीगढ़ : हरियाणा में विपक्षी दल कांग्रेस ने भी चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है। कांग्रेस अध्यक्षा एवं चुनाव समीति की अध्यक्षा कुमारी शैलजा ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में बैठक बुला ली है। जिसमें प्रत्याशियों के लिए मंथन करके पैनल तैयार किया जाएगा। नई दिल्ली स्थित पंजाब भवन में होने वाली इस बैठक में हरियाणा मामलों के प्रभारी गुलाम नबी आजाद व कमेटी सदस्य मौजूद रहेंगे।
प्रदेश चुनाव समिति में कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर, कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन रणदीप सिंह सुरजेवाला, आदमपुर विधायक कुलदीप बिश्नोई, पूर्व वित्त मंत्री हरमोहिंद्र सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष फूलचंद मुलाना, पूर्व सिंचाई मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, पूर्व स्पीकर डॉ़ रघुबीर सिंह कादियान व कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह व पूर्व सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा सदस्य हैं।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश के सभी विधानसभा हलकों के संभावित उम्मीदवारों पर चर्चा होगी। पार्टी ने टिकट के लिए सभी नेताओं को आवेदन करने के निर्देश पहले ही दे दिए थे। आवेदन फार्म जमा करवाने की आखिरी तारीख बुधवार है। ऐसे में बुधवार तक आने वाले आवेदनों के बाद बृहस्पतिवार को होने वाली चुनाव समिति की बैठक में हलकावार आए आवेदनों पर भी चर्चा होगी।
इनके अलावा समिति में महम विधायक आनंद सिंह दांगी, पलवल विधायक कर्ण सिंह दलाल, पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल व आफताब अहमद, पूर्व राज्यसभा सांसद शादीलाल बतरा, व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग, खरखौदा विधायक जयवीर सिंह वाल्मीकि, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष जयपाल सिंह लाली, पंडित रामजीलाल, परमवीर सिंह, शमेशर सिंह गोगी, अनिल धन्तौड़ी, रंजीता मेहता के अलावा युवा कांग्रेस, एनएसयूआई तथा कांग्रेस सेवादल के प्रधान को बतौर सदस्य शामिल किया गया है।
सोनिया के दखल पर दुआ और राठौर के नाम भी शामिल
कमेटी में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दखल के बाद युवा नेता आशीष दुआ और वीरेंद्र सिंह राठौर के नाम भी शामिल किये गये। ये दोनों पार्टी के राष्ट्रीय सचिव हैं। दोनों की चुनाव समिति में एंट्री के बाद पार्टी ने सात और नेताओं को कमेटी में शामिल किया। इनमें कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी (इंचार्ज) डॉ़ अजय चौधरी, पूर्व मंत्री सुभाष बतरा, बरोदा विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री राव नरेंद्र सिंह, राव धर्मपाल सिंह, जरनैल सिंह तथा बिमला सरोहा शामिल हैं।