नगर निगम व जिला परिषद् का चुनाव सिंबल पर लड़ेगी कांग्रेस : तंवर - Punjab Kesari
Girl in a jacket

नगर निगम व जिला परिषद् का चुनाव सिंबल पर लड़ेगी कांग्रेस : तंवर

तंवर ने कहा हरियाणा में होने वाले नगर पालिका, नगर निगम व नगर परिषद के चुनाव सिंबल पर

रोहतक : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा हरियाणा में होने वाले नगर पालिका, नगर निगम व नगर परिषद के चुनाव सिंबल पर लड़ेगी, यह लीडरशिप की भी मंशा है और कार्यकर्ताओं का भी मानना है। वोटों का बंटवारा न हो, इसलिए निशान पर चुनाव लडऩा जरूरी है। तंवर ने शनिवार को रोहतक में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। 15 जुलाई से तंवर की तीसरे चरण की यात्रा पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के गढ गढी सांपला किलोई से शुरू होगी, जो मुख्यमंत्री के गांव बनियानी तक जाएगी। उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और कहा कि भाजपा, हरियाणा को दंगों की राजधानी बनाना और भाईचारा बिगाडऩा चाहती है। भाजपा के सूरजकुंड में चल रहे शिविर पर उन्होंने कहा कि भाजपा नेता वहां सिर्फ चाट पकौड़ी खाने गए हैं।

अशोक तंवर ने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में नए चेहरों को मौका मिलेगा। कांग्रेस नेतृत्व की भी यह कोशिश है कि नया नेतृत्व उभरे। वहीं कांग्रेस का भी यह नारा है कि समय है बदलाव का। शनिवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ अशोक तंवर रोहतक पहुंचे और पार्टी कार्यकत्र्ताओं की बैठक ली। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने हरियाणा में महागठबंधन की संभावना से भी इंकार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महागठबंधन की गुंजाइश व जरूरत नहीं है। हर प्रदेश की अलग-अलग स्थिति और परिस्थति है। तंवर ने हरियाणा के सीएम मनोहर लाल के लिए नया विमान खरीदने के निर्णय की आलोचना की। अपने मुख्यमंत्री पद की दावेदारी पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वे हर जिम्मेवारी के लिए तैयार हैं।

कोई भी फैसला वरिष्ठ नेताओं का करना है। जो जिम्मेवारी उन्हें सौंपी गई है, उसे वे निभा रहे है। उन्होंने कहा कि बिजली पानी को लेकर पूरे प्रदेश में त्राही त्राही है, लेकिन मुख्यमंत्री को जनता की कोई परवाह नहीं है। चार साल के शासनकाल के दौरान कर्मचारी, किसान, मजदूर, व्यापारी सहित सभी वर्गो को सडकों पर उतरना पडा। भाजपा सरकार की न तो कोई नीति है और न ही सरकार की नियत ठीक है। सरकार ने भ्रष्टाचार के सभी रिकार्ड तोडे है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब कुछ ही दिनों की मेहमान रह गई है। जनता भी चुनावो का बेसब्री से इंतजार कर रही है।

अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।

(मनमोहन कथूरिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

17 − one =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।