कांग्रेस व राहुल गांधी के झूठ का माउथ पीस हैं सुरजेवाला - Punjab Kesari
Girl in a jacket

कांग्रेस व राहुल गांधी के झूठ का माउथ पीस हैं सुरजेवाला

हरियाणा लोकसभा सह प्रभारी विश्वास सारंग ने प्रदेश के लोकसभा प्रभारी, संयोजक, सह संयोजक व प्रदेश के पदाधिकारियों

रोहतक : भाजपा लोकसभा के चुनाव के लिए सक्रिय दिखाई देने लगी है, बैठकों का दौर शुरू कर दिया गया है। इसी के मद्देनजर सोमवार को सर्किट हाउस में हरियाणा लोकसभा सह प्रभारी विश्वास सारंग ने प्रदेश के लोकसभा प्रभारी, संयोजक, सह संयोजक व प्रदेश के पदाधिकारियों की बैठक ली और दिशा निर्देश दिए। सभी दस लोकसभा सीटों पर जीत का उन्होंने दावा किया। बाद में पत्रकारो से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रियंका वाड्रा के कांग्रेस में आने पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रियंका जवाब दे कि वाड्रा हरियाणा के किसानों की जमीन क्यों हडपी।

उन्होंने कहा कि प्रियंका वाड्रा राजनीति में आई हैं, भाजपा उनका स्वागत करती है, लेकिन उन्हें हरियाणा के किसानों को जवाब देना होगा कि उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने हरियाणा के लोगों की जमीन क्यो हडपी है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गाधी के राजनीति में आने से भाजपा को कोई फर्क पडने वाला नहीं है। भाजपा हरियाणा की सभी दस सीटे जीत कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मजबूत करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यह तय है कि हरियाणा विधानसभा के चुनाव अपने तय समय पर होंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने हरियाणा के लिए कार्यक्रम तय किए गए हैं।

हर लोकसभा व हर विधानसभा में भाजपा के रथ घूमेंगे और संकल्प पत्र के लिए लोगों की राय ली जाएगी। हरियाणा में 13 फरवरी से मेरा परिवार, भाजपा परिवार अभियान की शुरूआत की जाएगी। वहीं 10 फरवरी को गुरुग्राम, 16 फरवरी को कुरुक्षेत्र व 25 फरवरी को हिसार में भाजपा के शक्ति केंद्र प्रमुखों के सम्मेलन आयोजित किये जायेंगे। दो मार्च को देशभर में बाइक रैली का आयोजन किया जायेगा। हर बूथ पर पांच कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की गई है और प्रत्येक विधानसभा स्तर पर यह कार्यक्रम होगा।

प्रियंका गांधी को कांग्रेस का महासचिव बनाने के संबंध में उन्होंने कहा कि देश की जनता के सामने यह एक बड़ा उदाहरण है कि कांग्रेस पार्टी अभी तक नेहरू परिवार से बाहर नहीं निकल पाई है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार बैसाखी पर खड़ी हुई है। सरकार के विधायकों में असंतोष है। मध्य प्रदेश की सरकार स्वयं गिर जायेगी। पश्चिम बंगाल के संबंध में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संघीय शासन प्रणाली पर अंकुश लगाने का कार्य किया है। जींद उपचुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सिंह सुरजेवाला कांग्रेस पार्टी व उसके अध्यक्ष राहुल गांधी की झूठ का माउथ पीस बने हुए थे।

राहुल गांधी की झूठ उन्हीं के मुह से कहलवाई जाती थी। जींद उपचुनाव में मतदाताओं ने इस झूठ का ही मुह तोड़ जवाब दिया है। जींद की जीत से जनता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रति विश्वास बढ़ा है। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया, वेदपाल, संदीप जौशी, उपाध्यक्ष नीरा तोमर, कविता चौधरी, बंतो कटारिया, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष निर्माला बैरागी, अजय बंसल, शमशेर खरक, विकास रोहिल्ला, बीर सिंह हुड्डा, चेतना अरोड़ा व संजय बल्हारा आदि उपस्थित थे।

(मनमोहन कथूरिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।