रोहतक: मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश के नागरिक हरियाणा की प्रगति में पूर्ण सहयोग करें। विकास के मामले में किसी भी क्षेत्र को पिछड़ा नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता एक जुट होकर भाईचारे की प्रबल भावना के साथ प्रदेश के चहुमुखी विकास में सहयोग करें। मुख्यमंत्री सोमवार देर सायं गुरुग्राम जाते समय अचानक जिला के गांव घिलौड़ कलां, जसिया, चमारियां तथा मायना में रूके और ग्रामीणों का हाल जाना तथा उनसे बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गीता जयंती उत्सव बड़ी धूम-धाम से मनाया जा रहा है। धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में यह कार्यक्रम और भी बेहतर ढंग से मनाकर लोगों में गीता के प्रति उत्साह बढ़ाया जा रहा है। जिला स्तर पर आयोजित गीता जयंती महोत्सव में लोगों का जोश देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में आयोजित महोत्सव को विश्व स्तर पर पहचान मिली है, इस साल होने वाले कार्यक्रम में विश्व के 11 देशों ने भाग लेकर अलग ही गौरव बनाया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका में भी अगली बार गीता जयंती बड़े जोश व उल्लास के साथ मनाने का ऑफर आया है। उन्होंने कहा कि गीता प्रदेश ही नहीं बल्कि देश का धार्मिक पुस्तक है इसकी विश्व स्तर पर महिमा का बखान हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा के जेहान में गीता का संस्कार पैदा करने के लिए इस तरह के आयोजनों का होना अत्यंत अनिवार्य है। एक सवाल के जवाब मेंं मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता और गाय पर कटाक्ष करने वाले लोगों को इसके महत्व के बारे में ज्ञान नहीं है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा की यह सोच पूर्ण रूप से अज्ञानता को दर्शा रही है। गीता के ज्ञान से लोगों में अलग ही पहचान बनीं है। प्रदेश की धर्मनगरी कुरुक्षेत्र गीता की कर्मभूमि होने के कारण विश्व स्तर पर मान्यता मिली है। इससे और अधिक बढ़ाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ कार्य करते है वह सदैव अग्रणीय होकर निकलते है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग्यता के आधार पर हरियाणा सरकार युवाओं को नौकरी देने का कार्य कर रही है। ऐसा करने से युवाओं में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है और प्रदेश का युवा कलम उठाकर दिन-रात मेहनत करने पर बल दे रहा है। उन्होंने कहा कि युवा अगर हुनर और योग्यता बढ़ायेंगे तो वे प्रदेश से बेरोजगारी खत्म करेंगे।
– मनमोहन कथूरिया