घरौंडा : बसताड़ा टोल प्लाजा पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड को पचास मीटर तक घसीटते हुए ले गई। पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड के ब्यान पर मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। सिक्योरिटी गार्ड को कंधे व सिर पर चोटें आई। घायल अवस्था में उसे करनाल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। टोल प्लाजा पर तैनात सिक्योरिटी इंचार्ज रामकुमार के मुताबिक शनिवार की सुबह करीब 11 बजे टोल बैरियर तोडकऱ जैसे ही एक कार निकलने लगी तो ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोकने की कौशिश की।
कार में सवार चालक ने अपनी कार को रोकने की बजाए सिक्योरिटी गार्ड को टक्कर मारी। इतना ही नही, टक्कर मारने के बाद कार सिक्योरिटी गार्ड को करीब पचास मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इस घटना में सिक्योरिटी गार्ड राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची सिक्योरिटी गार्ड के ब्यान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।