भाजपा की योजनाएं रहीं हैं असफल, लोग कांग्रेस से कर रहे उम्मीद : तंवर - Punjab Kesari
Girl in a jacket

भाजपा की योजनाएं रहीं हैं असफल, लोग कांग्रेस से कर रहे उम्मीद : तंवर

अशोक तंवर नगर की नई अनाज मंडी में किसान मजदूर कांग्रेस के प्रदेशाध्क्ष शेर प्रताप शेरी के संयोजन

असन्ध : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि देश की जनता को हनुमान या अन्य किसी देवता की जाति पर कोई शंका नहीं है परन्तु देश व प्रदेश पर शासन करने वाली भाजपा सरकार की नियत और नियती पर शंका जरूर है। उन्होंने कहा कि भाजपा गाय के नाम पर मोब लिंचिंग को तो सही साबित करने के लिए प्रयासरत दिखाई देती है परन्तु गाय और गऊशालाओं की स्थिति को दुरुस्त करने में उनकी वास्तव में कोई रुचि नहीं है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर नगर की नई अनाज मंडी में किसान मजदूर कांग्रेस के प्रदेशाध्क्ष शेर प्रताप शेरी के संयोजन में आयोजित किसान आक्रोश रैली को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर तुरंत प्रभाव से किसानों के कर्ज माफ कर दिए जाएंगे। तंवर ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा किसानों की हितैषी नहीं है और इसका प्रमाण मुख्यमंत्री द्वारा किसानों के कर्ज माफ न करने के ऐलान से मिलता है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश व छत्तीगढ़ में किसानों के कर्ज तुरंत माफ करके कांग्रेस ने साबित कर दिया कि उन्हें किसानों की चिंता है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में प्रदेश के किसानों की हालत अच्छी नहीं है। खाद व बीज के रेट बढ़ा दिए गए हैं। किसानों को भंडारण सहित अन्य सुविधाएं देने की बात तो दूर फसलों के सही दाम तक नहीं दिए जा रहे।

तंवर ने इशारों-इशारों में भाजपा के अंदर की गुटबाजी पर बात करते हुए कहा कि यदि उनकी बात मान ली जाती और निगम चुनाव सिम्बल पर लड़ा जाता तो आज भाजपा अपनी हार पर मंथन कर रही होती। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की हठधर्मिता के चलते यह योजना मूर्त रूप धारण नहीं कर पाई। तंवर ने कहा कि अब कांग्रेस बदल रही है और टिकट भी उसी व्यक्ति को दिया जाएगा जो पार्टी के लिए पसीना बहाएगा। उन्होंने कहा कि पैराशूट से उम्मीदवारों को नहीं उतारा जाएगा।

आज नगर की नई अनाज मंडी में पहुंचने पर तंवर का शेर प्रताप शेरी,मंगलबीर विर्क सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं व पगड़ी भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर शेर प्रताप शेरी, पंकज पूनिया, मंगलबीर, सुनील कौशिक, जसवंत सिंह पन्नू, पंजाब सिंह, शेर सिंह बालू, बीर सिंह, दलेल सिंह, जगतराम गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

– हिमांशु

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।