गंदगी व कूड़े के ढेर खोल रहे है भाजपा सरकार के विकास की कलई : अशोक तंवर - Punjab Kesari
Girl in a jacket

गंदगी व कूड़े के ढेर खोल रहे है भाजपा सरकार के विकास की कलई : अशोक तंवर

अशोक तंवर ने फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में ‘सेल्फी विद गार्बेज’ अभियान के तहत गंदगी के ढेरों पर पहुंच

फरीदाबाद : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने प्रदेश के पर्यावरण एवं उद्योगमंत्री के गृह क्षेत्र फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में ‘सेल्फी विद गार्बेज’ अभियान के तहत गंदगी के ढेरों पर पहुंच प्रदेश की भाजपा सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि गन्दगी से बेहाल ये इलाका पर्यावरण मंत्री विपुल गोयल का है और वह उद्योग मंत्रालय भी संभालते हैं, ऐसे में फरीदाबाद में न तो नए उद्योग ही बने है और न ही पर्यावरण बचा है।

चारों ओर फैला कूड़ा-कचरा सरकार के चेहरे से खुलेआम नकाब हटा रहा है तथा जगह-जगह लगे गंदगी और कूड़े के ढेर मंत्री के कार्यशैली की खुलकर कलई खोल रहे है। मजेदार बात तो यह है कि मंत्री आए दिन इर्वेंट मैनेजमेंट मेें तो लगे रहते है वहीं दूसरी ओर लोगों को बदहाल स्थिति में पहुंचा दिया है।

यह हाल जब पर्यावरण मंत्री के गृह क्षेत्र का है तो समूचे हरियाणा के क्या हाल होंगे, इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रदेशाध्यक्ष श्री तंवर आज फरीदाबाद में एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने के उपरांत प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा शुरु किए गए ‘सेल्फी विद गार्बेज’ अभियान के तहत फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर-8 में लोगों से रुबरु हो रहे थे।

इस अवसर पर उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी, प्रदेश सचिव सुमित गौड़, ओबीसी सैल के चेयरमैन राकेश भड़ाना, अनीशपाल, राजेश आर्य, मनोज अग्रवाल, असंगठित कामगार कांग्रेस के प्रदेश चेयरमैन ज्ञानचंद आहुजा, डा. धर्मदेव आर्य, नीरज गुप्ता, श्रेय शर्मा, व्यापार सैल के चेयरमैन रंजीत रावल, सोनू अलावलपुर सहित अनेकों कांग्रेसी नेता मौजूद थे।

प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि भाजपाई आए दिन स्मार्ट सिटी की बात तो करते है, लेकिन जमीनी स्तर पर रियलिटी चैक की गई तो वास्तव में फरीदाबाद को नरक सिटी में तब्दील कर दिया गया है। उन्होंने अंदेशा व्यक्त किया कि जब स्मार्ट सिटी पर जमीनी स्तर पर फरीदाबाद स्मार्ट सिटी बनाया ही नहीं जा रहा तो फिर कहीं न कहीं स्मार्ट सिटी के नाम पर बड़ा गोलमाल होने की बू आती है।

अगर इसकी निष्पक्ष जांच की जाए तो सारी सच्चाई जनता के सामने आ जाएगी क्योंकि फरीदाबाद को स्वच्छ बनाने में लगे सफाई कर्मचारियों की रोजी रोटी को छीनने का काम किया जा रहा है, जबकि चाईना की ईको ग्रीन कंपनी को सफाई का ठेका दिया जाता है। ईको ग्रीन जमीनी स्तर पर कितना कार्य कर रही है, इस बात का प्रमाण फरीदाबाद में जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर स्वत: ही बता रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।