रोहतक : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि आरटीआई से खुलासा हुआ कि भाजपा के नेताओं ने गाडियों से रोजाना कई हजार किलोमीटर का सफर किया, लेकिन धरातल पर कहीं कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी और लोकसभा व विधानसभा की लगभग सभी सीटे जीत कर बहुमत हासिल करेगी। उन्होंने इनेलो पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रदेश में इनेलो अपना वाजूद खो चुकी है।
विपक्ष की भूमिका निभाने की बजाए प्रदेश में भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रही है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष शुक्रवार को तीसरे चरण की हरियाणा बचाओ परिवर्तन लाआई साइकिल यात्रा के दूसरे दिन कार्यकत्र्ताओं को संबोधित कर रहे थे। साइकिल यात्रा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के घर से होते हुए सालारा मौहल्ला,पाड़ा मौहल्ला, गोहाना अड्डा , सुखपूरा चौक, गांव ब्राहणवास, जसिया , खिडवाली, सांघी , घुसकानी , टिटौली, समरगोपालपुर ,निडाना, मदीना व खरकड़ा होते हुए महम चौबीसी के चबूतरे पर पहुंची। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आज स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, महिला सुरक्षा, विकास आदि की प्रदेश में बेहद खराब हालत है।
भाजपा सरकार के चार वर्षों के शासनकाल में सब कुछ पटरी से उतर गया है तथा प्रदेश सामाजिक व आर्थिक मामलों में काफी पिछड़ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सत्ता आने पर हरियाणा को देश का नंबर वन राज्य का रूतबा दोबारा दिलवाया जायेगा। कांग्रेस सभी वर्गों की पार्टी है तथा हम जातिवाद की राजनीति नहीं करते। उन्होंने कहा कि नंवबर या दिसंबर माह में लोकसभा व विधानसभा के चुनाव एक साथ होते हैं और इसके लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उनके सम्पर्क में है और जल्द ही कांग्रेस पार्टी में शामिल होगे। कांग्रेस में गुटबाजी पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस एक है। कांग्रेस के सभी नेता संगठन को मजबूत करने के अभियान में जुटे हुए हैं। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमों एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के हरियाणा में सक्रिय होने पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. तंवर ने कहा कि चार सालों बाद उनकी नींद खुली है और उन्हें अब हरियाणा याद आया है। उन्होंने कहा कि पहले तो उन्होंने दिल्ली को लूटा है अब हरियाणा की बारी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेेस ही भाजपा का विकल्प है। उन्होंने कहा कि जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हुए दंगों की विस्तृत जांच होनी चाहिए और दंगे भड़काने वाला कोई भी बचना नहीं चाहिए। साथ ही सरकार को प्रकाश सिंह समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए। प्रदेश में बिजली -पानी की समस्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बिजली का उत्पादन बंद कर दिया और राजस्थान के आगामी चुनावों को देखते हुए भाखड़ा का पानी राजस्थान को दे दिया जिसके चलते हरियाणा में पेयजल संकट पैदा हो रहा है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री बिजेन्द्र कादियान, सत्यवान दहिया, भूपेन्द्र गंगवा, हरीओम कोशिक प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
(मनमोहन कथूरिया)