हिसार : भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री, हरियाणा प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल जैन ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। विपक्ष केवल मोदी हटाओ-मोदी हटाओ चिल्ला रहा है। मगर भाजपा कहती है कि गरीबी हटाओ, देश की सुरक्षा बढ़ाओ, आतंकवाद को मिटाओ, जातिवाद व परिवारवाद, तुष्टिकरण, गंदगी हटाओ। मगर विपक्ष केवल मोदी हटाने के पीछे पड़ा है। भाजपा के मुद्दे और नीयत साफ हैं। वे शनिवार को हिसार लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह का नामांकन दाखिल कराने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
अनिल जैन ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस में अराजकता का माहौल है। कांग्रेस भ्रम की स्थिति में है। न तो कांग्रेस का कोई ठिकाना है और न ही नेताओं का। अभी तक हरियाणा में भी कांग्रेस अपने पूरे उम्मीदवार नहीं उतार पाई है। क्योंकि कोई भी चुनाव लडऩे के लिए तैयार ही नहीं हो पा रहा है। इससे कांग्रेस जनता को बार-बार झूठ बोलकर गुमराह कर रही है। कांग्रेस बार-बार ही नहीं बल्कि जोर-जोर से झूठ बोल रही है, मगर जनता कांग्रेस के झांसे में आने वाली नहीं है।
जनता का रुझान भाजपा की ओर : राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल जैन ने कहा कि हरियाणा प्रदेश व देश में जिस तरह का माहौल है, उससे स्पष्ट है कि देश जनता की रुझान भाजपा की ओर है। देश की जनता भाजपा सरकार को दोबारा सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है। हरियाणा प्रदेश से 10 की 10 सीटों पर भाजपा जीत करेगी। खासकर हिसार लोकसभा से उम्मीदवार भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगा।
बड़ी चिंताओं के स्थाई समाधान की ओर बढ़ी मोदी सरकार : देश में पहली बार ऐसी मजबूत सरकार बनी कि जिसे गरीबी हटाने के लिए नीति तैयार की और उसके सार्थक परिणाम भी आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबी हटाने की जो योजना बनाई गई थी, उसे क्रियान्वित किया गया और गरीबों तक योजनाओं लाभ भी पहुंचा।
कांग्रेस पिछली चार पीढिय़ों से दे रही है गरीबी हटाने का नारा : राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल जैन ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। जैन ने कहा कि कांग्रेस पिछली चार पीढिय़ों से गरीबी हटाने की बात कर रही है। मगर अभी तक गरीबी हटाने की योजना धरातल पर नहीं बनी। पहले तो योजना बनाने में ही दो-दो टर्म की सरकार पूरी हो जाती थी, मगर भाजपा की पांच साल की सरकार ने न केवल योजना बनाई बल्कि उसका कियान्वयन भी किया।