प्रदेश का चहुंमुखी विकास ही प्राथमिकता : खट्टर - Punjab Kesari
Girl in a jacket

प्रदेश का चहुंमुखी विकास ही प्राथमिकता : खट्टर

NULL

रोहतक : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 10 साल या इससे ऊपर की सजा काट रहे अपराधियों को 30 दिन की छूट प्रदान की जाएगी। इसके साथ जो अपराधी 10 साल से नीचे की सजा भुगत रहे हैं, उन्हें 15 दिन का क्षमादान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को 69वें राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजीव गांधी खेल परिसर में ध्वजारोहण किया तथा परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों, युद्ध वीरांगनाओं को शॉल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि 14 साल से नीचे की आयु के बच्चे के अपहरण, हत्या, बलात्कार के साथ हत्या, पोक्सो एक्ट-2012 के तहत किया गया कोई भी अपराध डकैती और लूट, फिरौती के लिए किया गया अपहरण एवं आतंकवाद के तहत की गई हानिकारक कार्यवाही व एनडीपीएस अधिनियम के तहत किए जाने वाले अपराधियों को इस छूट का कोई लाभ नहीं मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे प्रदेश की ऐतिहासिक नगरी रोहतक में तिरंगा फहराकर अत्यंत हर्ष का अनुभव हो रहा है। देश की आजादी के लिए प्राणों का न्यौछावर करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने सभी नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं व बधाई दी। इससे पूर्व उन्होंने एमडीयू के गेट पर स्थित राज्य स्तरीय शहीद स्मारक पर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि ओरियन्टल बैंक आफ कॉमर्स देश की सेना में जवान के शहीद होने पर उनके आश्रितों की आर्थिक मदद करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 और 26 जनवरी प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व और गौरव का पर्व हैं। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने लम्बे संघर्ष, त्याग और बलिदान के फलस्वरूप विश्व के सबसे विशाल लोकतंत्र की स्थापना की।

सन् 1950 में आज ही के दिन हमने विश्व का सबसे विस्तृत और लिखित संविधान अपनाया। इस संविधान में भारत की आत्मा बसती है। संविधान निर्माण में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर व सरदार पटेल जैसे नेताओं के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। कारपोरेशन ने प्रदेश में सात रेल परियोजनाओं की फिजीबिलिटी तैयार करने के कार्य को शुरू करने की घोषणा की है। इन परियोजनाओं में यमुनानगर वाया नारायणगढ़-सढौरा-चंडीगढ़ नई रेल लाइन, दिल्ली-सोहना- नूंह-फिरोजपुर झिरका-अलवर नई रेल लाइन, फरूखनगर-झज्जर- चरखी-दादरी नई रेल लाइन, जींद-हिसार नई रेल लाइन, भिवानी-लोहारू नई रेल लाइन, करनाल-यमुनानगर नई रेल लाइन तथा मानेसर से पाटली रेलवे स्लाइडिंग शामिल है।

इनकी कुल लम्बाई 439 किलोमीटर होगी। अगले 10 महीनों में 20 करोड़ रुपये की लागत से इन सभी रेल लाइनों की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि आज भारत विज्ञान, प्रौद्योगिकी और इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में विश्व में अग्रणी रूप में उभर रहा है। हमारी आर्थिक सफलता भी दूसरे विकासशील देशों के लिए एक उदाहरण बन रही है। यह गणतंत्र दिवस देश के इतिहास में विशेष रूप से याद रखा जाएगा। रोहतक जिले के बहादुर लोगों ने आजादी के आंदोलन में बढ़चढ़ कर भाग लिया था। यहां के लगभग 400 लोगों ने भारत छोड़ो आंदोलन में गिरफ्तारियां दी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सवा तीन वर्ष पूर्व अपने लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर हरियाणा की जनता ने प्रदेश में पहली बार पूर्ण बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाई थी। इस ऐतिहासिक जनादेश का अर्थ था कोई छोटा-मोटा बदलाव नहीं, हमें एक ऐसी नई व्यवस्था चाहिए, जिसमें योग्यता का सम्मान हो, जो पक्षपात एवं भाई-भतीजावाद रहित हो। जो पारदर्शी हो और जो गरीबों की सुने”।

उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन और प्रदेश का चहुंमुखी विकास करने के लिए हमने कई मील पत्थर स्थापित किये हैं। भ्रष्टाचार खत्म करने का हमारा वादा था, इस दिशा में हमारी उपलब्धियां सराहनीय हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ई-गवर्नेंस, ई-रजिस्ट्रेशन व ई-रिटर्न फाइलिंग जैसे कई महत्त्वपूर्ण काम किये हैं। सीएम विण्डो के माध्यम से लोगों की समस्याओं का उनके घर-द्वार पर समाधान हो रहा है। हमारी ऑनलाइन टीचर ट्रांसफर पॉलिसी की तो देश के 16 राज्य अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के पुख्ता प्रबन्ध किये हैं। हर जिला मुख्यालय पर एक-एक महिला पुलिस थाना खोला गया है। उप-मण्डल स्तर पर भी ऐसे थाने खोलने की योजना है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों प्रदेश में महिलाओं के विरुद्ध कुछ निंदनीय घटनाएं हुई हैं, उनसे मैं बड़ा आहत हूँ। ऐसी घटनाओं में संलिप्त अपराधियों को पकड़ा जा चुका है।

सरकार आगामी विधानसभा सत्र में ऐसे मामलों के सम्बन्ध में एक कड़ा कानून लाने जा रही हैं। इस कानून में 12 साल से छोटी बच्ची के साथ दुष्कर्म के लिए फांसी की सजा का प्रावधान किया जाएगा। उ समारोह में एडीजीपी मोहम्मद अकील, आयुक्त रोहतक रेंज पंकज यादव, पुलिस महानिरीक्षक नवदीप सिंह विर्क, उपायुक्त डा. यश गर्ग, पुलिस अधीक्षक पंकज नैन, अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार, उपमंडल अधिकारी (ना०) अरविन्द मल्हाण, नगराधीश महेंद्रपाल, नगर निगम के आयुक्त प्रदीप कुमार, हुडा के प्रशासक वीएस हुड्डा, सम्पदा अधिकारी मेजर गायत्री अहलावत, चीनी मिल के प्रबंध निदेशक प्रदीप अहलावत, महिला आयोग की अध्यक्ष प्रतिभा सुमन, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष रामअवतार बाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय बंसल, रमेश बल्हारा, बलराज कुंडू, सतीश आहुजा, शमशेर खरकड़ा, रमेश भाटिया, धर्मबीर हुड्डा, जोगेंद्र सैनी, सन्नी हंस, विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए हुए शिक्षक, छात्र-छात्राएं व गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक  करें।

(मनमोहन कथूरिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

14 − 10 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।