हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने पर भूमिहीन दलितों के कर्ज माफ कर देंगे - Punjab Kesari
Girl in a jacket

हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने पर भूमिहीन दलितों के कर्ज माफ कर देंगे

NULL

फतेहाबाद: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को फतेहाबाद की नई सब्जी मंडी में आयोजित हिसार रेंज की दलित पंचायत को सम्बोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में डेढ वर्ष बाद कांग्रेस सरकार बनने पर प्रदेश के भूमिहीन दलित समाज के कर्जे माफ किए जाएंगे व उन्हें नि:शुल्क बिजली दी जाएगी। प्रदेश में ठेका प्रथा पर रखे गए सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा व उनका वेतन बढाया जाएगा। ग्रामीण चौकीदारों का भी वेतन बढाया जाएगा। हरियाणा की भाजपा सरकार द्वारा बंद कर दी गई दलित समाज से संबन्धित सभी योजनाओं को कांगे्रेस सरकार बनने पर फिर से शुरू कर दिया जाएगा।

हरियाणा की भाजपा सरकार पर बरसते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा भाजपा नेता मात्र लच्छेदार भाषण देने में विश्वास रखते है। इन लोगों को मालूम नही की प्रदेश मात्र भाषणों से ही नही चलता, प्रदेश चलाने के लिए एक मजबूत शासन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि साढे तीन वर्ष के शासनकाल में लोगों की अपेक्षाओं पर फेल हो चुके मुख्यमंत्री व भाजपा नेताओं को सपने में भी मैं नजर आता हूं। सरकार अपनी विफलताओं से सबक लेने की बजाए हर बात के लिए मुझे कोसती है। हुड्डा ने कहा कही भाजपा नेताओं के ब्यानों से ऐसा प्रतीत होता है हरियाणा का मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ना होकर मैं हूं।

हुड्डा ने बताया की उनके दस वर्ष के शासनकाल में प्रदेश के 3 लाख 92 हजार दलित परिवारों को 100-100 गज के प्लाट दिए गए। भाजपा सरकार ने अपने साढे तीन वर्ष के शासनकाल में एक भी दलित परिवार को प्लाट नही दिया। कांग्रेस शासनकाल में हरियाणा के दस लाख दलित परिवारों को पानी के कनेक्शन व पानी की टैंकी मुफ्त दी गई थी। उन्होंने बताया की कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश के 19प्रतिशत दलित समाज के लिए 21 प्रतिशत बजट किया गया था। हरियाणा की भाजपा सरकार ने इसमें कटौती करके इसे 15 प्रतिशत कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया की अपने पिता स्वतंत्रता सेनानी रणबीर सिंह हुड्डा भारत की संविधान सभा के सदस्य थे। भारत की आजादी के बाद जो संविधान बना उसके निर्माण में उनके पिता ने अहम भूमिका निभाई। आज भारत में जो लोकतंत्र है वह भारत के संविधान की बदौलत है।

दलित पंचायत को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार धान की पराली जलाने वाले गांव के सरपंच को सस्पेंड करने की बात करती है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार के शासनकाल में तीन बाद हरियाणा जल चुका है। वास्तव में इस सरकार को सस्पेंड कर देना चाहिए। उन्होंने कहा की भाजपा सरकार प्रदेश का विकास करने की बजाए लोगों के भाईचारे को तोडऩे में लगी हुई है। उन्होंने कहा लोगों को धर्म व जाति के नाम पर लड़ा कर भाजपा वोट की राजनीति कर रही है। दीपेंद्र कहा की भाजपा की यह सोच हरियाणा में कभी पूरी नही होगी। प्रदेश में बदलाव की लहर चल चुकी है। हरियाणा में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी।

दलित पंचायत में पंचायत के संयोजक होडल से कांग्रेस विधायक उदयभान ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सामने दलित समाज की मांगों से सम्बंधित एक मांग पत्र रखा। दलित पंचायत को पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष फुलंचद मुलाना, पूर्व वितमंत्री सम्पत सिंह, पूर्व मंत्री गीता भुुक्कल, पूर्व मंत्री परमवीर सिंह, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव प्रहलाद सिंह गिलाखेड़ा, राज्यसभा सांसद शादी लाल बतरा,पूर्व विधायक जयबीर वाल्मीकि, रामनिवास घोडेल्ला, कांग्रेस विधायक शकुंतला खटक, अक्षय कुमार मोर्य, डा. केवी सिंह, पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल, पूर्व विधायक लहरी सिंह ने भी सम्बोधित किया। पंचायत में दलित समाज ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को पगड़ी पहना कर उनका सम्मान किया।

– सुनील सचदेवा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eighteen − 5 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।