चंडीगढ़ : रोडवेज बेड़े में बसों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार ने कवायद शुरू कर दी है। आगामी 31 मार्च तक बेड़े में 350 नई बसें शामिल होंगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नई बसों को खरीदने की हरी झंडी दे दी है। मंगलवार को परिवहन मंत्री मूल चंद शर्मा ने विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में बसों की संख्या सहित अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
अधिकारियों ने बताया कि बेड़े में 350 नई बसों को शामिल करने के प्रोजेक्ट को सीएम ने हरी झंडी दी हुई है, लेकिन आचार संहिता के चलते बसों नहीं खरीदी गई थी। इस पर परिवहन मंत्री की सिफारिश पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नई बसों को खरीदने की हरी झंडी दे दी। परिवहन मंत्री ने घाटे में चल रहे रूटों को रिव्यू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जिन रूटों पर यात्रियों की संख्या ज्यादा है और बसें कम हैं, वहां पर जरूरत के हिसाब से बसें लगाई जाएं।
मीडिया से रूबरू होते हुए परिवहन मंत्री ने कहा कि खरीदी जाने वाले नई बसें यूरो-फोर मॉडल की होंगी। इसके बाद सरकार जो भी नई बसें खरीदेगी वह सभी यूरो सिक्स मॉडल होंगी। मुख्यमंत्री की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद अब परिवहन मंत्रालय खरीद प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा।