डूबना टाइटन पनडुब्बी का - Punjab Kesari
Girl in a jacket

डूबना टाइटन पनडुब्बी का

मनुष्य स्वभाव से ही जिज्ञासुु और साहसी है। ​जोखिम उठाना और अधिक रोमांच का अनुभव करना उसके स्वभाव

मनुष्य स्वभाव से ही जिज्ञासुु और साहसी है। ​जोखिम उठाना और अधिक रोमांच का अनुभव करना उसके स्वभाव में शामिल है। कोलम्बस ने 1492 में अमेरिका को खोज निकाला था। क्रिस्टोफर कोलम्बस समुद्री नाविक था। वह भारत की तलाश में यूरोप से चला था, लेकिन वह पहुंच गया दक्षिण अमेरिका। अज्ञात भूमि की खोज करने, सुदूर भूमि में छुपे धन, खनिज और सुन्दरता की खोज करने का रोमांच साहसी लोगों को अपने आराम और विश्राम के जीवन को दांव पर लगाने के लिए प्रेरित करता है। इसमें कोई संदेह नहीं कि साहसिक कार्य काफी जोखिम भरे होते हैं। कभी विफलताएं मिलती हैं तो कभी सफलता। एक साहसिक कार्य की सफलता नाम और प्रसिद्धी लानी है, लेकिन कभी-कभी यह जानलेवा भी साबित होते हैं। महान लोगों का कहना है कि जोखिम के बिना हमारा जीवन एक खाली किताब की तरह है। किसी भी असम्भव कार्य को करने के लिए उत्साह और साहस से भरी हुई गतिविधियां रोमांच कहलाती हैं। वह सभी काम जो हमें खुशी, आनंद, उत्तेजना और मजा पाने के​ लिए करते हैं उसे ही रोमांच कहा जाता है। रोमांचकारी यात्रा के दौरान टाइटैनिक का मलबा देखने गई टाइटन पनडुब्बी के समुद्र में डूबने और उस पर सवार पाकिस्तानी अरबपति समेत सभी लोगों की मौत काफी दुखद है। इस हादसे में ओशनगेट कम्पनी के संस्थापक और सीईओ समेत चालक दल के पांच सदस्य भी समंदर की आगोश में चले गए। इस पनडुब्बी में पाकिस्तानी अरबपति शहजादा दाऊद, उनके बेटे सुलेमान दाऊद, हामिश हार्डिंग, पॉल-हेनरी नार्जियोलेट और ओशनगेट के सीईओ स्टॉकटन रश सवार थे। इनसे सम्पर्क टूटने के बाद से ही उत्तरी अटलांटिक महासागर के  300 मील के दायरे में खोज अभियान चलाया जा रहा था। इसमें अमेरिकी और कनाडा की नौसेना के अलावा कई प्राइवेट एजैंसियां भी शामिल थीं। इस पनडुब्बी में 96 घंटे का ऑक्सीजन होने का दावा किया जा रहा था, हालांकि विशेषज्ञों को इस दावे पर शुरू से ही शक था।
टाइटन पनडुब्बी का मलबा कनाडा की एक यूएवी ने बरामद कर लिया है। हालांकि दुर्घटना के कारणों की खोज की जा रही है। मलबे के शुरूआती विश्लेषण से पता चला है कि टाइटन पनडुब्बी विस्फोट के कारण डूब गई थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि विस्फोट इसके उपकरणों या ऑक्सीजन टैंक में हो सकता है। यह पनडुब्बी 4000 मीटर की गहराई तक गोता लगाने में सक्षम थी। इतनी गहराई पर दबाव सतह से 296 गुना ज्यादा होता है। अगर पनडुब्बी बहुत तेजी से नीचे जाए, तब भी विस्फोट की परिस्थिति बन सकती है। ओशनगेट ने भी कहा है कि वह मलबे का विस्तृत विश्लेषण करने के बाद ही दुर्घटना के कारणों का खुलासा कर सकेगी। 
ओशनगेट एक पर्यटन और अनुसंधान कम्पनी है। उसने 112 साल पहले अटलांटिक महासागर में डूबे टाइटैनिक के मलबे को देखने के लिए जोखिम भरे आठ दिवसीय मिशन की पेशकश की थी, जिसकी लागत प्रति व्यक्ति 2.5 लाख डॉलर थी। इस अभियान में 5 लोग शामिल हुए, जिनमें रोमांच की एक अलग भावना और दुनिया के महासागरों की खोज और सुरक्षा के लिए गहरा जुनून था। एक बहुत छोटी पनडुब्बी से समुद्र की सतह से 13000 फीट नीचे जाना आसान नहीं था। टाइटन पनडुब्बी में ज्यादा सुविधाएं भी नहीं थीं और इससे समुद्र के नीचे बहुत कम समय के लिए ही रहा जा सकता था। इस दुखद घटना के बाद बहुत सारे सवाल उठ खड़े हुए हैं। आज समंदर में ही नहीं धनी लोग अंतरिक्ष की यात्रा भी निजी कम्पनियों के यानों से करने लगे हैं। दुनियाभर के चोटी के अमीरों ने रोमांचकारी पर्यटन को अपना बिजनैस बना  लिया है। पहले अंतरिक्ष में जाने वाले लोगों में केवल विशेषज्ञ ही शामिल होते थे और उन्हें साल दो साल प्रशिक्षण दिया जाता था। उन्हें पूरी ट्रेनिंग दी जाती थी कि अंतरिक्ष में किस तरह से रहा जा सकता है। लेकिन आज रोमांचकारी पर्यटन का विस्तार होने के साथ ही ऐसी यात्राएं धन कुबेरों का शौक बनती जा रही हैं। लेकिन यह शौक अब शोक में बदल चुका है। पर्यटन ज्ञानवर्धन के लिए ठीक है। जीवन में मनोरंजन के लिए भी लोग लम्बी यात्राएं करते हैं। लेकिन मानव जीवन काफी अनमोल है। अति उत्साह में मानवीय जीवन से खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए। साहसी लोग किसी भी अंजान परिस्थितियों के बारे में एक पल भी सोचे बिना कदम उठा लेते हैं, लेकिन रोमांच का अर्थ प्रत्येक व्यक्ति के लिए अलग होता है। यद्यपि जो डरपोक हाेते हैं वे ऐसा साहस करने की कल्पना भी नहीं कर सकते। रोमांचकारी पर्यटन संचालित करने वाली कम्पनियों को इन यात्राओं को सुरक्षित बनाना होगा। अन्यथा मानवीय जिन्दगियों से खिलवाड़ एक गम्भीर अपराध के समान है। यह दुर्घटना यात्रा की त्रुटियों से सबक लेने का समय है।
आदित्य नारायण चोपड़ा
Adityachopra@punjabkesari.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

nineteen − seventeen =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।