दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने रविवार को बताया कि क्षेत्र में जलभराव की स्थिति में सुधार होने के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास द्वार खोल दिए गए हैं। डीएमआरसी ने एक ट्वीट में साझा किया, यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास अब खुला है।
सड़को पर भरा हुआ था पानी
13 जुलाई को यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास बंद कर दिया गया था क्योंकि यमुना में बढ़ते जल स्तर के कारण स्टेशन तक जाने वाली सड़क दुर्गम हो गई थी। हालाँकि, डीएमआरसी के अनुसार, इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध थी और ब्लू लाइन पर सेवाएं सामान्य रूप से चल रही थीं।
युमना नदी के जलस्तर में आई गिरावट
इस बीच, केंद्रीय जल आयोग द्वारा अपने पोर्टल पर साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह 10 बजे यमुना नदी का जल स्तर गिरकर 205.95 मीटर हो गया। रविवार सुबह आठ बजे यह 206.02 मीटर दर्ज किया गया। अगले कुछ घंटों में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आने की संभावना है. दिल्ली में यमुना नदी 10 जुलाई को शाम 5 बजे खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गई। इसके अलावा, मजनू का टीला से कश्मीरी गेट तक सड़क पर पानी का स्तर कम होना शुरू हो गया है। यह क्षेत्र के स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी राहत है।