नई दिल्ली : भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है, जिसमें कार्यकर्ता की मेहनत व लगन से संगठन के लिए किए गए काम को महत्व दिया जाता है। भाजपा ने सत्ता में आने के बाद से ही कार्यकर्ताओं के लिए काम करने की सही जगह के बारे में विचार करते हुए जिला कार्यालय बनाने की नींव रखी। यह कहना है केन्द्रीय मंत्री व दिल्ली चुनाव के सह-प्रभारी नित्यानंद राय का।
दरअसल नित्यानंद भाजपा दिल्ली प्रदेश ने गुरुवार को जिला कार्यालयों का विस्तार करते हुए रोहिणी में उत्तर पश्चिम जिला कार्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का मानना है कि जब तक संगठन का कार्यकर्ता मजबूत नहीं होगा तब तक संगठन की मजबूत होने की कल्पना कुछ क्षणों की है।
इसलिए कार्यकर्ता को मजबूत बनाने के लिए सबसे पहले उन्हें काम करने की जगह देना अनिवार्य है, जिसके तहत आज जिला कार्यालयों का उद्घाटन हो रहा है। दिल्ली के सभी जिलों में कार्यालय बनाये जाने हैं जिसमें से कई जिला कार्यालयों का भवन बन गया।
इस दौरान दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता, सांसद हंसराज हंस एवं दिल्ली प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला अध्यक्ष नीलदमन खत्री ने किया है। वहीं विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूलमंत्र पर काम करने वाली पार्टी है।