पश्चिमी दिल्ली : उत्तर-पश्चिम जिले के महेन्द्रा पार्क इलाके में शनिवार शाम एक बक्से में सिर कटी महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पास के अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस महिला की पहचान की कोशिश कर रही है। पुलिस वारदात के पास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।
शनिवार शाम करीब साढे 4 बजे जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास मारुति शोरूम से सटी सर्विस लाइन पर बंद लोहे के बक्से से पानी निकलने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। बक्से को खोलकर देखा। जिसमें महिला की सिर कटी लाश पड़ी थी। पुलिस को लगता है कि महिला की हत्या एक दिन पहले ही हुई थी। बक्से में पड़ा खून भी सूखा नहीं था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की उम्र करीब 27 साल है। पुलिस आशंका जता रही है कि महिला की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। जिसके लिए किसी वाहन व साइकिल का इस्तेमाल किया गया है। इसके पहले महिला की पहचान के लिए उसकी गर्दन तलाशने की कोशिश की जा रही है।