दिल्ली येलो लाइन पर चलती मेट्रो ट्रेन के सामने कथित रूप से कूदने और टक्कर लगने से सोमवार को एक महिला यात्री घायल हो गयी, जिससे येलो लाइन के एक हिस्से पर मेट्रो सेवाएं कुछ देर के लिए बाधित रहीं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। येलो लाइन दिल्ली में समयपुर बादली और हरियाणा के गुरुग्राम में हुडा सिटी सेंटर को जोड़ती है। घटना जोरबाग मेट्रो स्टेशन पर हुई।
घटना पर डीएमआरसी ने किया ट्वीट
Yellow Line Update
Delay in services from Central Secretariat to Green Park due to a passenger on track at Jor Bagh.
Normal service on all other lines.
— Delhi Metro Rail Corporation I कृपया मास्क पहनें😷 (@OfficialDMRC) July 4, 2022
सूत्रों ने बताया कि ट्रेन हुडा सिटी सेंटर की ओर जा रही थी कि महिला प्लेटफॉर्म से कूद गई और ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने मेट्रो यात्रियों को सचेत करने के लिए पूर्वाह्न 11 बज कर करीब 20 मिनट पर ट्वीट किया: ‘‘येलो लाइन अपडेट – जोर बाग में एक यात्री के ट्रैक पर कूद जाने के कारण केंद्रीय सचिवालय से ग्रीन पार्क तक सेवाओं में देरी हुई। अन्य सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य हैं।’’
डीएमआरसी और पुलिस अधिकारियों से आगे के विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है। पूर्वाह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे डीएमआरसी ने फिर ट्वीट किया कि सामान्य सेवाएं फिर से बहाल हो गई हैं।