काम को जनता तक पहुंचाएंगे मंत्री व कार्यकर्ता - Punjab Kesari
Girl in a jacket

काम को जनता तक पहुंचाएंगे मंत्री व कार्यकर्ता

NULL

नई दिल्ली : दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप) सरकार आगामी 14 फरवरी को अपनी तीसरी सालगिराह मनाने जा रही है। इस मौके पर आप सरकार के मंत्री, विधायक एवं कार्यकर्ता अपने 3 साल के काम को जनता के बीच लेकर जाएंगे। सरकार के तीन सालों के कार्यकाल को आम लोगों के बीच पहुंचाने के लिए दिल्ली की सभी विधानसभा में आगामी 11 फरवरी को विकास यात्राएं निकाली जाएंगी, जिसमें पार्टी के सभी विधायक, मंत्री और संगठन के पदाधिकारी जनता के बीच जाकर सरकार के कार्यों और उपलब्धियों के बारे में बताएंगे।

इस संबंध में आप के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने बताया कि आप सरकार को अगली 14 तारीख को तीन साल पूरे होने जा रहे हैं। सरकार की उपलब्धियों को दिल्ली के लोगों तक पहुंचाने के लिए 11 तारीख से पूरी दिल्ली में व्यापक स्तर पर अभियान शुरू किया जाएगा। जिसके तहत सभी विधानसभा क्षेत्रों में 70 विकास यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इन विकास यात्राओं का दिल्ली के मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी नेतृत्व करेंगे, जिसके माध्यम से जनता के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा।

बिजली पानी के क्षेत्र में किया बेहतर काम… गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली सरकार की तरह आजतक काम करके नहीं दिखाया होगा। पिछले तीन साल में तमाम बाधाओं के बावजूद अपने घोषणा पत्र के वादों को पूरा करते हुए आप सरकार आगे बढ़ रही है, जनता के कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ सरकार पूरा कर रही है। आप की दिल्ली सरकार राजधानी के लोगों को 400 यूनिट तक की बिजली आधे दाम पर दे रही है, चौबीस घंटे बिजली सस्ते दाम पर मिल रही है। दिल्ली की जनता को पिछले तीन साल से 20 हजार लीटर पानी हर महीने फ्री मिल रहा है। शिक्षा में जबरदस्त बदलाव किया है। दिल्ली की आप सरकार के अलावा देश में कोई सरकार ऐसी नहीं है जो अपना 25 प्रतिशत बजट शिक्षा पर लगाती हो।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किये बदलाव…
राय ने कहा कि शिक्षा में बदलाव हो सकता है ऐसा करके हमने पूरे देश को संदेश दिया है। राय का कहना है कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में जबरदस्त काम आप सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए दिल्ली की जनता की सरकार प्रतिबद्ध है। हमने पेंशन को बढ़ाकर 1 हजार से 2 हजार किया और 1500 से बढ़ाकर ढाई हजार किया, मिनिमम वेज बढ़ाकर 14 हजार रुपए किया, इसके साथ ही दिल्ली की सभी अनधिकृत कॉलोनियों में सड़क, सीवर और पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है जिससे लोगों को फायदा होगा।

किसानों का भी रखा ख्याल
किसानों को उनकी फसल खराब होने पर 50 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर का मुआवजा आप सरकार ने ही दिया है। इसके साथ ही सीसीटीवी का प्रोजेक्ट अभी हाल ही में दो दिन पहले टेंडर किया गया है और वाईफाई का काम भी जल्द हो जाएगा। पिछले तीन साल में हमने काफी उपलब्धियां हांसिल की हैं, अपने घोषणा पत्र का तकरीबन 90 फीसदी काम करके दिखाया है और बचे कामों को भी जल्द जनता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।