नई दिल्ली : दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। वहीं 31 मई का तापमान मई माह का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया और वर्ष 2013 से अभी तक का सबसे अधिक तापमान रहा है। वहीं स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में सबसे अधिक 46.6 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली में शुक्रवार को भी कड़ी ताप लहर (हीट वेव) के प्रकोप से लोगों को राहत नहीं मिल सकी। पालम केन्द्र पर 20 तो सफदरजंग केन्द्र पर 15 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलीं।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान और हीट वेव से राहत मिलने के आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं। जून माह में छह तारीख तक भी अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री बने रहेगा और दिल्ली-एनसीआर में हीट वेव भी जारी रहेगी। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में धूलभरी हवाएं चलेंगी। उत्तर पश्चिमी भारत के हिस्सों में हीट वेव का प्रभाव बना रहेगा। एक और दो जून को हीट वेव अधिक प्रभावित करेगी और तीन व चार जून को धूलभरी हवाएं चलेंगी।
इस दौरान बिजली गर्जन, आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और झोकेदार हवाएं चलेंगी। वहीं दिल्ली के अन्य केन्द्रों पर शुक्रवार को पालम 46.2, लोधी रोड 44.5, रिज 43.6, आया नगर 46, जाफरपुर 45.5, मुंगेशपुर 44.8, नजफगढ़ 45.2 और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सबसे अधिक 46.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं मौसम विभाग द्वारा चढ़ते पारे के मद्देनजर चेतावनी भी जारी कर दी गई है जिसके चलते हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में हीट वेव से राहत मिलने वाली नहीं है। अधिकतम तापमान भी बढ़ेगा।