परिवहन मंत्री के दुष्कर्मी स्टॉफ पर गर्मायी राजनीति - Punjab Kesari
Girl in a jacket

परिवहन मंत्री के दुष्कर्मी स्टॉफ पर गर्मायी राजनीति

दुष्कर्म मामले में राजनीति गरमा गई है। इस मामले में भाजपा और कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के स्टाफ नवीन कोठिया द्वारा किए गए दुष्कर्म मामले में राजनीति गरमा गई है। इस मामले में भाजपा और कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को महिला विरोधी बताते हुए करारा हमला बोला है। दोनों पार्टियों का कहना है कि आप के विधायक व कार्यकर्ता महिलाओं का सम्मान नहीं करते। हालांकि इस मामले में अभी तक दिल्ली महिला आयोग ने चुप्पी साध रखी है। बता दें कि पंजाब केसरी ने सोमवार को इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।

आज कोर्ट में पेश होगा आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक दुष्कर्म आरोपी आप कार्यकर्ता नवीन कोठिया मंगलवार को कोर्ट में पेश होगा। आरोपी ने गिरफ्तारी से पहले जमानत ले ली थी जिसकी वैधता आज तक है। पुलिस सूत्रों की माने तो पुलिस कोर्ट से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए उसकी रिमांड लेगी। ताकि महिला के आरोपों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करते हुए साक्ष्य जुटा सके।

पुलिस टीम दिल्ली के द्वारका और जयपुर के उस होटल में भी जाएगी जहां आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। गौरतलब है कि आरोपी अपने परिवार के साथ नजफगढ़ इलाके में रहता है। वह आप कार्यकर्ता है और दिल्ली परिवहन मंत्री एवं नजफगढ़ से विधायक कैलाश गहलोत के क्षेत्रिय कार्यालय में निजी तौर पर कामकाज देखता था।

पार्टी ज्वॉइन करें स्वाति … मनोज तिवारी ने कहा कि अक्सर महिलाओं के मामले में सबसे आगे रहने वाली दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति को पद छोड़कर आप ज्वॉइन कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब भी आप से जुड़े किसी व्यक्ति का मामला सामने आता है उन्हें सांप सूंघ जाता है। तिवारी ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों से आम आदमी पार्टी पूरी तरह कलंकित हो चुकी है और उसका महिला विरोधी चेहरा जनता भली भांति जान चुकी है। बता दें कि इस मामले में आयोग का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।

गहलोत ने भी वर्षा जोशी को प्रताड़ित किया था : तिवारी
इस पर दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी का कहना है कि परिवहन मंत्री पर पहले ही महिला अधिकारी वर्षा जोशी को प्रताड़ित करने का मामला सामने आ चुका है। ऐसे में अगर उनके अधीनस्थ ऐसा कुछ करते हैं तो बहुत ज्यादा आश्चर्य नहीं होता है क्योंकि मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और उनकी पार्टी की मानसिकता महिला विरोधी है। अब तक आप पार्टी के कई विधायकों और पदाधिकारियों द्वारा महिला उत्पीड़न और दुष्कर्म के कई मामले प्रकाश में आए हैं।

आप विधायक संदीप कुमार पर नशीला पदार्थ खिलाकर महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया। वहीं न्याय न मिलने पर आप महिला कार्यकर्ता सोनी ने खुदखुशी कर ली। इसके अलावा भी कई मामले सामने आए जिसमें पीड़िताओं को न्याय नहीं मिला। इन्हें केजरीवाल ने सजा दिलाने की जगह सरंक्षण दिया। वही काम अब गहलोत कर रहे हैं। वह आरोपी को गिरफ्तार कराने के बजाए उसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

केजरीवाल सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में विफल : कांग्रेस
दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के निजी स्टाफ द्वारा झांसा देकर युवती से रेप किए जाने के मामले को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आप पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा है कि यह एक शर्मनाक घटना है। दिल्ली प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने ट्वीट कर इस घटना की भर्त्सना की है तथा कहा है कि आम आदमी पार्टी (आप) का महिलाओं को सुरक्षा देने का वादा एक बार फिर खोखला साबित हुआ है।

उन्होंने दिल्ली सरकार पर तंज करते हुए कहा है कि दिल्ली की जनता करे पुकार, बंद करो महिलाओं पर अत्याचार। इनके अलावा दिल्ली प्रदेश प्रवक्ता जितेन्द्र कोचर ने ट्वीट कर दिल्ली सरकार को घेरा। कोचर ने कहा कि यह बहुत ही शर्मनाक घटना है। केजरीवाल सरकार इस गंभीर मसले पर अभी तक चुप क्यों है?

डर के साए में पीड़िता
मामला प्रकाश में आने के बाद दुष्कर्म पीड़िता युवती डर के साए में है। पीड़ितों के परिजनों का कहना है कि आरोपी के तरफ से डराया जा रहा है। पीड़िता को कहा जा रहा है कि वह मामले को कमजोर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।