नई दिल्ली : पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद प्रयागराज में एक कार्यक्रम में गाना गाने को लेकर दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं। इस पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने उन्हें आड़े हाथों लिया है। हालांकि तिवारी ने इस पर सफाई देते हुए कहा है कि कार्यक्रम के दौरान उन्हें हमले की जानकारी नहीं थी। जानकारी मिलते ही शहीदों के प्रति संवेदना जताई गई थी।
बता दें कि मनोज तिवारी गुरुवार शाम प्रयागराज में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हए।
वहां उन्होंने न सिर्फ अपने फेमस गाना गाए बल्कि डांस भी किया। इसका उनके चाहने वालों ने फेसबुक पर लाइव प्रसारण भी किया। इसे देखते ही सोशल मीडिया पर उन्हें कोसने वालों की बाढ़ आ गई। लोगों ने दुख की इस घड़ी में उनके गाना गाने को शहीदों का अपमान तक करार दे दिया। ऐसे में आम आदमी पार्टी के लोग भला पीछे कैसे रहते। पार्टी की तरफ से कई नेताओं ने इसे शेयर करते हुए शर्मनाक करार दिया और इसकी कड़ी निंदा की।
पुलवामा हमला कायराना, सरकार आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देगी : मनोज तिवारी
दूसरी तरफ दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के गाने और डांस की कड़ी भर्त्सना की है। दिल्ली प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने ट्विटर पर मनोज तिवारी और फिल्म अभिनेता रवि किशन के गाने गाते और डांस करते हुए कार्यक्रम का विडियो शेयर करते हुए कहा है कि यदि यह विडियो सही है तो यह बहुत शर्मनाक है। यहां यह बता दें कि गुरुवार को ही जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे।
दूसरी तरफ गुरुवार को ही मनोज तिवारी एक कार्यक्रम में गाने की प्रस्तुती दे रहे थे। इस पर तिवारी ने शुक्रवार को बयान जारी करते हुए बताया कि प्रयागराज के पास एक गांव में मां शीतला के मंदीर का वार्षिक उत्सव था। वहां कार्यक्रम में जाने पर ही उन्हें हमले की जानकारी मिली। इसके बाद जितनी जल्दी हो सकता था, कार्यक्रम को समाप्त कर शहिदों के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दिया गया। उन्होंने शुक्रवार सुबह ट्वीट किया कि मैं स्तब्ध हूं… समझ में नहीं आ रहा है कि गुस्से और आंसुओं को कैसे रोकूं। शहीदों के बलिदान पर अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि देता हूं। उन्हें पूरा विश्वास है कि सरकार आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देकर उनका सफाया करेगी।