नई दिल्ली : थे धन्य जवान वो अपने, थी धन्य वो उनकी जवानी! पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आंतकी हमले में 40 जवानों के शहादत पर शुक्रवार को कई संगठन के कार्यकर्ता राजधानी की सड़कों पर उतर आए। शहीदों की शहादत पर हर किसी की आंखें नम थीं। जंतर-मंतर पर सुबह से ही लोगों का जुटना शुरू हो गया था। जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद लोगों ने पूरे दिन पाकिस्तान सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सभी संप्रदाय के सदस्य साथ-साथ दिखे। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने पाकिस्तान के झंडे जलाए वहीं आतंकियों का पुतला फूंककर गुस्सा दिखाया।
विश्व हिन्दू परिषद ने पुलवामा आतंकी हमले के खिलाफ जंतर-मंतर पर आक्रोश प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। विश्व हिन्दू परिषद के कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हुए एक और जिहादी हमले में कई जवान शहीद हो चुके हैं। यह कार्य धर्म के नाम पर जुनूनी बनाए गए एक स्थानीय युवक ने कहा, यह आत्मघाती हमला था, जिसमें वह भी मारा गया।
इस युवक ने पहले से रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो संदेश पर कहा कि जब यह वीडियो अपलोड किया जाएगा, वह जन्नत में होगा। जैश-ए-मुहम्मद ने इस घटना की जिम्मेदारी भी ली है। उन्होंने कहा कि स्पष्ट है की नौजवान लोगों को धर्म के नाम पर गुमराह कर भर्ती किया जा रहा है और उनके द्वारा हत्याएं, संपत्ति का विनाश तथा आपराधिक कार्य जिहाद व जन्नत के सुखों के लिए करवाए जा रहे हैं। यह एक वैश्विक चुनौती है और विश्व समुदाय को इन घटनाओं तथा उनको जन्म देने वाली विचारधारा का सामना करने के लिए खड़ा होना होगा। विशेष तौर पर उन लोगों को अब आगे आना जरूरी है जो मानते हैं इस्लाम विश्व बंधतुत्व व शांति का धर्म है।
विश्व हिन्दू परिषद प्रांत मंत्री बचन सिंह ने कहा कि जब सुरक्षा बल इनके विरुद्ध कोई कार्यवाही करते हैं तो अनेक जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दल इन अमानवीय लोगों के समर्थन में सेना के विरुद्ध खड़े हो जाते हैं। भारतीय सेना भारत देश के जन गन मन का गौरव है, भारतीय सेना राष्ट्र की अस्मिता की संरक्षक है, भारतीय सेना पर देश के प्रत्येक नागरिक को गर्व है, सेना के अपमान पर राष्ट्र आक्रोशित होता है। हमारे इन भारतीय शहीदों का बदला ले। प्रदर्शन में विहिप कार्याध्यक्ष वागीश, उपाध्यक्ष गुरदीन, सुरेन्द्र, बजरंग दल के प्रांत संयोजक श्याम कुमार की विशेष मौजूद रहे।