कांग्रेस के समय सुल्तानगंज काला पानी कहलाता था - Punjab Kesari
Girl in a jacket

कांग्रेस के समय सुल्तानगंज काला पानी कहलाता था

NULL

रायसेन : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि जिस सुल्तानगंज को कांग्रेस के समय काला पानी कहा जाता है, आज उसका स्वरूप बदल गया है और अब इसे कोई काला पानी नहीं कहता है। चौहान ने जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान जिले के सुल्तानगंज में जनसभा को संबोधित करते यह बाते कहीं। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज का आज जो स्वरूप दिखाई दे रहा है, वह पहले नहीं था। अंग्रेजों के जमाने से लेकर कांग्रेस के शासनकाल तक इसे काला पानी के रूप में जाना जाता था।

कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी यहां नौकरी करना पसंद नहीं करता था। कारण यह था कि न यहां सड़कें थीं, न आने-जाने के साधन थे और बिजली न होने के कारण अंधेरा छाया रहता था। शाम होते ही लोग घरों में दुबक जाते थे। उन्होंने कहा कि अंधेरा होने के कारण कोई बाहर निकलना पसंद नहीं करता था। जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, हमने हर घर में उजाला किया है। गांव-गांव में सड़कें बनी हैं। स्कूल बन रहे हैं। हर गांव-कस्बे में मानव जीवन के लिए जरूरी सभी प्राथमिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

सुल्तानगंज भी बदल गया है, अब कोई इसे काला पानी नहीं कहता है। श्री चौहान ने कहा कि स्थानीय लोगों ने उन्हें डूब क्षेत्र में आने वाले गांवों के बारे में बताया है। मंत्री रामपाल सिंह ने भी इसका जिक्र किया है कि सुल्तानगंज और बेगमगंज के करीब 27 गांव प्रस्तावित बांध के कारण डूब क्षेत्र में आ रहे हैं।

आप चिंता न करें, मैंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को ताकीद किया है कि एक भी गांव डूब क्षेत्र में नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे आप लोगों को उबारने के लिए मुख्यमंत्री बना है, डुबोने के लिए नहीं। वहीं सिलवानी में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के राज में प्रदेश में सिर्फ 250 कॉलेज हुआ करते थे, हमने इनकी संख्या बढ़कर 541 कर दी है। सिलवानी में भी एक कॉलेज खुला है। भाजपा सरकार ने जब किसानों की समस्याएं दूर करने के लिए योजनाओं का पिटारा खोल दिया, तो इन्हें भी किसानों की याद सताने लगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।