पांडव नगर में प्रदेश कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन - Punjab Kesari
Girl in a jacket

पांडव नगर में प्रदेश कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन

NULL

नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने 20 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की रणनीति बनाते हुए कार्यकर्ता सम्मेलनों की शुरुआत कर दी है। रविवार को कृष्णा नगर जिला कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत लक्ष्मी नगर विधानसभा के पांडव नगर में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। लाभ के पद के चलते आम आदमी पार्टी के 20 विधायकों की सदस्यता निरस्त होने पर खाली हुई सीटों को लेकर कांग्रेस गंभीर है। पांडव नगर में सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए अजय माकन ने कहा कि भाजपा और आम आप दोनों दिल्ली की जनता को गुमराह कर रहे हैं जिससे दिल्ली का विकास ठप पड़ गया है।

यही वजह है कि दिल्ली की जनता दोबारा कांग्रेस को याद कर रही है कि शासन चलाना और विकास करना सिर्फ कांग्रेस को ही आता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में अपने 15 वर्षों के कार्यकाल में जो विकास कार्य किए, उसके आगे आप पार्टी की सरकार ने एक नई ईंट तक नहीं लगाई गई है और कांग्रेस के कार्यकाल में शुरू हुई योजनाओं के उद्घाटन किए है। सरकारी स्कूलों में कांग्रेस के समय में 17,61,000 विद्यार्थी पढ़ते थे, वहीं आप के शासन काल में ये विद्यार्थी घटकर 16 लाख रह गए क्योंकि सरकारी स्कूलों की स्थिति दिन पर दिन खराब होती जा रही है।

केन्द्र और दिल्ली सरकार के चलते दिल्ली के सफाई कर्मचारी त्रस्त हैं क्योंकि उन्हें वेतन लेने के लिए हड़ताल करनी पड़ती। प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में यमुनापार में डॉ. अशोक कुमार वालिया के अथक प्रयासों से विकास कार्य हुआ। इस मौके पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए डॉ. वालिया ने कहा कि हमने यमुनापार में बहुत विकास किया है और उन कार्यों की तुलना अन्य पार्टियों के दिल्ली के शासन से आसानी से की जा सकती है। कार्यकर्ता सम्मेलन में चत्तर सिंह, कृष्णा नगर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील वोहरा, पूर्व निगम पार्षद शरणजीत शर्मा और संजय चौहान सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।