दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के ‘टोंटी चोर’ बयान पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अलीगढ़ में उग्र प्रदर्शन किया। नाराज कार्यकर्ताओं ने सीएम का पुतला फूंका, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। कई कार्यकर्ता घायल हुए और राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपते हुए सीएम के इस्तीफे की मांग की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जब से सत्ता संभाली है, तभी से वे सुर्खियों में बनी हुई हैं। हाल ही में उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बारे में विवादित बयान दिया। दरअसल, उन्होंने सपा प्रमुख के बारे में टोटी चोर जैसे शब्दों का उपयोग किया। इसके बाद से ही सियासत गरमा गई। दिल्ली सीएम से नाराज समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इस पर खासी नाराजगी जताई है। यूपी के अलीगढ़ में सपा युवजन सभा ने सीएम रेखा के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने सीएम का पुतला भी फूंका। प्रदर्शन उग्र होने पर पुलिस को सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करना पड़ा।
चोटिल हुए सपा कार्यकर्ता
प्रदर्शन के दौरान जब सपा कार्यकर्ता दिल्ली की सीएम का पुतला जला रहे थे, तब मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें ऐसा करने से रोका। कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज भी करना पड़ा। इस दौरान कई सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लाठीचार्ज में उन्हें गंभीर रूप से चोट आई हैं।
राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन कर रहे सपा के कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा और दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने सीएम के इस्तीफे की भी मांग की। सपा के महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी ने कहा कि मौजूदा सरकार लगातार तुच्छ मानसिकता का परिचय दे रही है। यही कारण है कि सरकार नेताओं के द्वारा गलत तरह की बयानबाजी कर रही है। इसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दिल्ली सीएम से माफी की मांग
सपा नेता ने कहा कि यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ भाजपा नेताओं द्वारा की गई बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर वह अपने बयान के लिए माफी नहीं मांगती और प्रोफेसर रामगोपाल पर की गई टिप्पणी के लिए संगीत सोम के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता तो सपा पूरे प्रदेश में कड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी।
CM रेखा गुप्ता और LG वीके सक्सेना ने वजीराबाद में यमुना सफाई का निरीक्षण किया