भाजपा की बजाय केजरीवाल खुद के गिरेबान में झांके : जाजू

श्याम जाजू ने कहा केजरीवाल ने साढ़े चार साल तक दिल्ली के लोगों से जो वादे किए थे

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सोमवार को भाजपा नेताओं ने आम आदमी पार्टी द्वारा भाजपा के अंदरुनी मामलों में लगातार किए जा रहे दखल पर कड़ा एतराज जताया। दिल्ली भाजपा प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि केजरीवाल ने साढ़े चार साल तक दिल्ली के लोगों से जो वादे किए थे उन्हें पूरी करने में विफल हो चुके हैं और उन्हें अपनी राजनीतिक जमीन पूरी तरह से खिसकती नजर आ रही है। इसलिये सुर्खियों में बने रहने के लिए वे अब भाजपा के आंतरिक मामले उठा रहे हैं। भाजपा अपने नेताओं का कार्यक्षेत्र बांटने के लिए सक्षम है, केजरीवाल को अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए क्योंकि आप पार्टी में लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं है। 
केजरीवाल के तानाशाही रवैये के कारण उनके अधिकांश संस्थापक सदस्य पार्टी छोड़ कर चले गये हैं। केजरीवाल के विधायकों पर 140 गंभीर मामले दर्ज हैं जिसमें बलात्कार, मनी लांड्रिंग, रिश्वत, फर्जी डिग्री, घरेलू हिंसा सहित बेहद ही संगीन मामले हैं जिसमें तीन विधायकों को सजा हो चुकी है और केजरीवाल सहित 16 विधायक चार्जशीटेड हैं जिन पर जांच के बाद एजेंसियां कार्रवाई करेंगी। पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा कि केजरीवाल उस दिन से बौखला गये हैं जिस दिन से पुराने पानी के बिलों पर लगी पेनल्टी को सरकार द्वारा वसूले जाने को वापस करने के लिये हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। 
विस चुनाव में दिल्ली की जनता केजरीवाल से सवाल पूछेगी कि जिस भ्रष्टाचार के खिलाफ उन्हें दिल्ली की गद्दी पर बैठाया था उसे कम करने की बजाय केजरीवाल खुद भ्रष्टाचार में कैसे डूब गए। केजरीवाल के 14 विधायक पार्टी छोड़ने को तैयार बैठे हैं। ऐसे में केजरीवाल को अपना घर संभालना चाहिए। भाजपा एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतर रही है। नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी का जन्म इंडिया एगेंस्ट करप्शन अभियान से हुआ था, लेकिन आज पूरी पार्टी भ्रष्टाचार में डूब गई है। आप पार्टी में हवाला कारोबारी से लेकर नीचे तक भ्रष्टाचार करने वालों की लम्बी सूची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।