नई दिल्ली : भाजपा प्रदेश कार्यालय में दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान शनिवार को निगम पार्षद राज प्रकाश, राजेन्द्र बागड़ी, जिला उपाध्यक्ष केशव चौहान, ब्लाक अध्यक्ष आशीष गर्ग, प्रताप सिंह डोगरा, श्रीकांत सिंह विद्यार्थी, ओम प्रकाश पहलवान, पूर्व निगम प्रत्याशी कमलेश गर्ग सहित भाजपा में शामिल हो गए। इस मौके पर दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल और प्रदेश महामंत्री रविन्द्र गुप्ता ने चौहान को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि राजकुमार चौहान ने कांग्रेस में रहकर जो पीड़ा झेली है उससे कांग्रेस का असली चेहरा सबके सामने आ गया है। कांग्रेस की नीति रही है कि जो उसके रास्ते में आया उसको बड़ी क्रूरता से रास्ते से हटा देती है। उन्होंने कहा कि 1984 में जो कुछ कांग्रेस ने करवाया उसके लिए माफी मांगने की जगह पीड़ितों के जख्मों पर कांग्रेस नमक छिड़क रही है। कांग्रेस में ऐसे नेताओं की लम्बी फेहरिस्त है, जो शीर्ष नेतृत्व से घुट रहे हैं।
केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा कि मंगोलपुरी, सुल्तानपुरी क्षेत्र में राजकुमार चौहान का काफी मजबूत जनाधार है। इससे उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट पर भाजपा को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि मैं राजकुमार चौहान को उस समय से जानता हूं कि जब वे पहली बार चुने गए थे और मेरे स्व. पिता चर्ती लाल गोयल दिल्ली विधानसभा के स्पीकर थे। राजकुमार चौहान मंगोलपुरी से दिल्ली विधानसभा के चार बार सदस्य रह चुके हैं। इन्होंने समाज के लिए बहुत काम किए हैं।
राजकुमार चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर मैं भाजपा में शामिल हुआ हूं क्योंकि कांग्रेस में आज लीडरशिप नहीं है, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चाटुकारों से घिरे हुये हैं। कांग्रेस में लिए गए फैसलों को उनके नजदीक के लोग बदलवा देते हैं। कांग्रेस के इतिहास में दलितों का इतना अपमान कभी भी नहीं हुआ, जितना कि अब हो रहा है, दलितों के बीच में भी अंतर कर फैसले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शीला दीक्षित 84 वर्ष की हो गईं हैं।
आज उनको यह तक याद नहीं रहता है कि दिल्ली में चुनाव किस दिन है। पूरा देश जानता हैं कि, ‘सबका साथ सबका विकास’ भाजपा का नारा है, लेकिन शीला दीक्षित अपने मंच से ही इसे बोल देती हैं क्योंकि उन्हें याद नहीं रहता कि मंच से क्या बोलना है। चौहान ने कहा कि जब वह दिल्ली के शहरी विकास मंत्री थे तो 25 हजार मकान गरीब लोगों के लिए बनवाए थे, लेकिन केजरीवाल ने अभी तक किसी गरीब को एक भी मकान नहीं दिया और उनके रखरखाव के लिए सरकारी खजाने को लूटा जा रहा है।