रामलीला मैदान को मोदीमय करने में जुटी भाजपा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

रामलीला मैदान को मोदीमय करने में जुटी भाजपा

रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली को सफल बनाने के लिए सभी 280 मंडलों को एक-एक

नई दिल्ली : रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली को सफल बनाने के लिए सभी 280 मंडलों को एक-एक हजार कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने को कहा गया है। वहीं प्रत्येक जिले से 200 से अधिक बसें लेकर आने को कहा गया है। इसके अलावा सातों मोर्चे और अन्य पदाधिकारी भी हजारों की संख्या में भीड़ जुटाएंगे।

रामलीला मैदान में भाजपा की टीम युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटी हुई हैं। अनुमान है कि आठ मई को दो लाख से अधिक की भीड़ रामलीला मैदान में जुटेगी। चर्चा है कि वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नामांकन वाले दिन की तरह जुटी जनता की भीड़ की तर्ज पर ही दिल्ली में आठ मई के आयोजन को लेकर तैयारियां चल रही हैं। राजधानी को मोदीमय बनाने में पार्टी कार्यकर्ताओं से लेकर प्रदेश और राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने दिन-रात एक किया हुआ है।

रैली में पहली बार वोट देने वाले युवाओं के भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया, जिसका जिम्मा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पर रहेगा। यूं भी 12 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली रैली है, जिसमें रामलीला मैदान से विपक्ष पर निशाना साधने के साथ विजय संकल्प को दोहराएंगे। इस दौरान दिल्ली के सातों भाजपा प्रत्याशी, प्रदेश और राष्ट्रीय नेता भी मौजूद रहेंगे।

वहीं सोमवार को मयूर विहार जिले में भागवत धाम, मयूर विहार में प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने पहुंचकर जिले की बैठक ली। इस दौरान सभी से अधिक से अधिक संख्या में रामलीला मैदान पहुंचने का आह्वान किया गया। इस दौरान नए और पुराने सभी पदाधिकारी पहुंचे हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।