एक तरफ विपक्ष मिलकर अपनी नई टीम बनाकर चुनाव के लिए खुद को तैय़ार कर रहा है दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी भी अपनी टीम में नए नेताओं को शामिल कर रही है। जिसकी घोषणा भी बीजेपी ने कर दी है। बीजेपी ने केंद्रीय पदाधिकारियों की घोषणा की है और इसके साथ ही पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्षों, राष्ट्रीय महामंत्रियों, राष्ट्रीय सह- संगठन महामंत्रियों राष्ट्रीय सचिव और कोषाध्यक्ष के नामों का ऐलान कर दिया है। जिन नामों को शामिल किया गया है उनमें AMU के पूर्व VC तारिक मंसूर भी है जिनको लेकर हर जगह चर्चा हो रही है। दरअसल तारिक मंसूरAMU के पूर्व VC थे उन्हें अब बीजेपी ने उपाध्यक्ष बना दिया है।
13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महामंत्री हैं
बता दें बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा जारी की गई केंद्रीय पदाधिकारियों की लिस्ट में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महामंत्री हैं। बीजेपी ने 13 में से दो मुस्लिम नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है। इसके साथ ही अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व वाइस चांसलर तारिक मंसूर और केरल के अब्दुल्ला कुट्टी को बीजेपी ने पार्टी का नया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है।
13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में से तीन छत्तीसगढ़ से
लिस्ट में बाकी नामों को लेकर बात करें तो बीजेपी ने बीए एल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया है। इस लिस्ट में पार्टी के नए 13 राष्ट्रीय सचिवों के नाम भी हैं। बीजेपी के 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में से तीन छत्तीसगढ़ से हैं। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को भी बीजेपी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष घोषित किया है। उनके अलावा छत्तीसगढ़ से सांसद सरोज पांडेय और लता उसेंडी को भी बीजेपी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का दर्जा दिया है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को भी केंद्रीय संगठन में जिम्मेदारी देते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
कैलाश विजयर्गीय को भी बड़ी जिम्मेदारी
इसके अलावा मध्य प्रदेश के कद्दावर नेता कैलाश विजयर्गीय का भी पार्टी ने कद बढ़ाया है। उन्हें पार्टी महासचिव से राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। केंद्रीय पदाधिकारी की लिस्ट में बीजेपी ने 8 राष्ट्रीय महामंत्री के नामों का भी ऐलान किया है। उत्तर प्रदेश से सांसद अरुण सिंह और राधामोहन अग्रवाल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया है।
दिल्ली से दुष्यंत कुमार का भी नाम शामिल
दिल्ली से दुष्यंत कुमार गौतम, पंजाब से तरुण चुग, महाराष्ट्र से विनोद तावड़े, राजस्थान से सुनील बंसल और तेलंगाना से संजय बंदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। बीजेपी ने राजेश अग्रवाल को कोषाध्यक्ष और नरेश बंसल को सह कोषाध्यक्ष बनाया है। इसी के साथ केंद्रीय पदाधिकारियों की लिस्ट में बीजेपी ने 13 राष्ट्रीय सचिवों के नाम का भी ऐलान किया है।