नई दिल्ली : दिल्ली में नए साल पर न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। एक जनवरी की बात करें तो वर्ष 2014 से अभी तक छह वर्षों में मंगलवार सबसे ठंडा दिन रहा। इससे पहले एक जनवरी, 2013 को भी न्यूनतम तापमान चार डिग्री रह चुका है। दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा है।
वहीं एक जनवरी का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री छह वर्षों में सबसे कम रहा है। इससे पहले 2015 में 13 जनवरी और 2009 में दो जनवरी के दिन भी न्यूनतम तापमान चार डिग्री रहने पर उस वर्ष सबसे कम न्यूनतम तापमान रहने का रिकॉर्ड दर्ज हुआ था। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार दो और तीन जनवरी के दिन शीत लहर चलने के साथ-साथ घना कोहरा भी पड़ सकता है लेकिन आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से बढ़कर आठ डिग्री तक पहुंचेगा।
ऐसे में ठंड से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। अनुमान है कि आगामी चार जनवरी के बाद से उत्तर पश्चिमी भारत के हिस्सों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी। आगामी दिनों में पाला और शीत लहर कम होने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में छिछला से मध्यम कोहरा पड़ेगा। अगले दो दिनों के पूर्वानुमान अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र के कुछ हिस्सों में वर्षा और हिमपात होने और उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी भागों में वर्षा और गर्जन के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।
इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कोहरा भी छाया रहेगा। पांच जनवरी को आसमान में बादल छाए रहेंगे और रात के समय हल्की बारिश या गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यह स्थिति पांच से लेकर सात जनवरी तक बनी रहेगी।