डीएनडी से नोएडा-दिल्ली सिग्नल फ्री फर्राटा भर सकेंगे वाहन - Punjab Kesari
Girl in a jacket

डीएनडी से नोएडा-दिल्ली सिग्नल फ्री फर्राटा भर सकेंगे वाहन

लोगों को जाम मुक्त सफर देने के लिए गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में दिल्ली कैबिनेट

नई दिल्ली : डीएनडी के रास्ते नोएडा-दिल्ली आने-जाने वाले लाखों वाहन जल्द ही सिग्नल फ्री फर्राटा भर सकेंगे। लोगों को जाम मुक्त सफर देने के लिए गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में दिल्ली कैबिनेट ने आश्रम विस्तार फ्लाईओवर योजना को मंजूरी दी। 
करीब 128.95 करोड़ रुपए की लागत से रिंग रोड पर आश्रम फ्लाईओवर को डीएनडी फ्लाई वे तक विस्तार किया जाएगा। यह दोनों तरफ 3-3 लेन का होगा। इस फ्लाईओवर का निर्माण एक साल में पूरा होगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जाम से परेशान लोगों को राहत देने के लिए फ्लाईओवर को मंजूरी दी गई है। इस फ्लाईओवर के विस्तार से आश्रम व महारानी बाग के पास लगने वाले जाम से लोगों को मुक्ति मिल जाएगी। 
इससे लाखों लोगों को फायदा होगा। आश्रम फ्लाईओवर से डीएनडी लूप तक रिंग रोड पर पीक ऑवर्स में भारी जाम लगता है। इस प्रोजेक्ट से सभी को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर पर एलईडी लाईट, पिलर पर आर्ट वर्क किया जाएगा। इस फ्लाईओवर की रैंप समेत कुल लंबाई 1425 मीटर है।
नहीं काटने होंगे चक्कर 
आश्रम विस्तार फ्लाईओवर के निर्माण के बाद किलोकरी से सड़क पार करने के लिए चार किलोमीटर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अब किलोकरी से रिंग रोड पर केवल डेढ़ सौ मीटर चलने के बाद यू टर्न लेकर वाहन चालक सड़क पार कर सकेंगे। साथ ही वह महारानी बाग या साउथ दिल्ली की ओर जा सकेेंगे। इसी तरह महारानी बाग से सराय कालेखां, नोएडा, आईटीओ व गाजियाबाद जाने के लिए एक किलोमीटर का चक्कर नहीं लगाना होगा। अब रिंग रोड पर 150 मीटर चलकर यू टर्न लेकर गंतव्य की ओर वाहन चालक जा सकेंगे।
रैंप का होगा निर्माण 
फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान आश्रम फ्लाईओवर से सराय काले खां जाने के लिए तीन लेन का डाउन रैंप का निर्माण होगा। इसके अलावा आईटीओ व सराय काले खां से साउथ दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए तीन लेन का अप रैंप डीएनडी लूप से इस फ्लाईओवर के लिए बनेगा।
बनेगा सब वे 
रिंग रोड पर सड़क पार करने के लिए महारानी बाग रेड लाइट का पैदल यात्री सहारा लेते हैं। फ्लाईओवर बनने के बाद रेड लाइट को खत्म कर दिया जाएगा। साथ ही वहां पैदल यात्रियों के लिए सब वे का निर्माण होगा। जिसके सहारे पैदल यात्री बगैर रूके सुरक्षित रूप से आ-जा सकेंगे। 
जाम करता है परेशान… नोएडा व गाजियाबाद से साउथ दिल्ली आने-जाने वाले वाहनों को डीएनडी लूप से आश्रम चौराहे तक जाम से जूझना पड़ता है। आईटीओ व सराय काले खां से साउथ दिल्ली जाने वाले भी परेशान होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।