MCD की हड़ताल के चलते निगम अस्पतालों में नहीं हुआ वैक्सीनेशन, LNJP में त्योहार जैसा माहौल - Punjab Kesari
Girl in a jacket

MCD की हड़ताल के चलते निगम अस्पतालों में नहीं हुआ वैक्सीनेशन, LNJP में त्योहार जैसा माहौल

दिल्ली और पूरे देश में शनिवार से कोरोना वैक्सीनेशन महाअभियान शुरू कर दिया गया। दिल्ली नगर निगम के

दिल्ली और पूरे देश में शनिवार से कोरोना वैक्सीनेशन महाअभियान शुरू कर दिया गया। हालांकि दिल्ली नगर निगम के अस्पतालों में यह कोरोना वैक्सीनेशन कार्यक्रम शुरू नहीं किया जा सका। नगर निगम के कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिसके कारण इन अस्पतालों को कोरोना वैक्सीनेशन कार्यक्रम में शामिल नहीं किया गया है।
नगर निगम के अस्पतालों के बारे में पूछे जाने पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा, एमसीडी के अंदर थोड़ी दिक्कत चल रही है। निगम के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इसलिए उनके अस्पतालों में वैक्सीनेशन का कार्य नहीं किया जा रहा है। सत्येंद्र जैन ने कहा कि आज का यह दिन पूरे देश के लिए अहम है। क्योंकि आज से देशभर में वैक्सीनेशन का कार्य शुरू किया गया है। अब हम उम्मीद करते हैं कि देश से कोरोना खत्म हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा, जिन लोगों को वैक्सीन दी गई है, मैं उन लोगों से मिला। 
उनका कहना है कि टीकाकरण के बाद उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई है, सभी लोग खुश हैं। एलएनजेपी अस्पताल के निदेशक डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि कोविड-19 वैक्सीनेशन का जो विश्व का सबसे बड़ा अभियान है, उसकी शुरूआत लोकनायक अस्पताल से हो चुकी है। इस अभियान से हमारे सभी डॉक्टर्स नर्सेज बहुत खुश हैं। अस्पताल में त्योहार जैसा माहौल है। अब कोरोना से मुक्ति मिल जाएगी।
लोकनायक अस्पताल ने अब तक सबसे अधिक मरीजों का इलाज किया है और अभी तक यहां से करीब 11 हजार मरीज ठीक हो कर जा चुके हैं। इलाज के दौरान यहां स्वास्थ्य कर्मी भी संक्रमित हुए। डॉ. सुरेश कुमार ने कहा, अब वैक्सीन आने के बाद कोरोना का संक्रमण नहीं होगा। मेरी सभी से गुजारिश है कि आप आगे आइए और वैक्सीनेशन अभियान में भाग लीजिए।
सत्येंद्र जैन ने कहा, पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन दी जा रही है। इसके बाद फ्रंटलाइन वर्कर्स, 50 साल से अधिक उम्र वालों को और 50 साल से कम उम्र के को-मोरबिलिटीजवाले लोगों को वैक्सीन दी जाएगी। दिल्ली के अंदर 81 केंद्रों पर वैक्सीनेशन की जा रही है। प्रत्येक केंद्र पर करीब 100 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी और शनिवार शाम तक 8100 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है। दिल्ली सरकार के ज्यादातर अस्पतालों में वैक्सीनेशन का कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।