नई दिल्ली : दिल्ली के व्यापारियों ने सोमवार को केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल के निवास पर एकत्रित होकर भाजपा के संकल्प पत्र में राष्ट्रीय व्यापारी आयोग व छोटे दुकानदारों को पेंशन देने की बात का स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का आभार व्यक्त किया।
कुछ समय पूर्व ही व्यापारी विजय गोयल से कल्याण बोर्ड बनाने के लिए मिले थे और उस समय गोयल ने प्रधानमंत्री को व्यक्तिगत रूप से पत्र लिखकर बताया था कि व्यापारियों की अनेक समस्याएं हैं। इसलिए एक आयोग बनना चाहिए। उसे गंभीरता से लेते हुए प्रधानमंत्री ने तभी आश्वास्त करते हुए गोयल को नोट बनाकर भेजने को कहा था।
केन्द्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल ने कहा कि आयोग व्यापारियों के लिए अलग से नीतियां बना सकेगा। इसका अलग से एक मंत्रालय होगा जिसमें कारोबारियों की टैक्स से संबंधित समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा।
‘तेरा फरेब तुझसे ऊंचा है, हमने खुद आजमा के देखा है!’
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित ने भाजपा द्वारा जारी किए चुनावी घोषणा पत्र को कोरे वायदों और झूठे दावों का पुलिंदा मात्र करार देते हुए कहा कि स्वयं भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा का 2014 का घोषणापत्र बनाने वाले मुरली मनोहर जोशी से जब पूछा गया कि मोदी सरकार के पिछले 5 साल के काम पर कितने नंबर देंगे, तो उन्होंने कहा कि ‘कॉपी में कुछ लिखा हो, तब तो नंबर दूं’। अब इससे ज्यादा भाजपा के जुमलेबाजी से भरपूर 2019 के घोषणा पत्र के बारे में और क्या कहा जा सकता है।
देश के गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं एवं व्यापारियों पर विशेष ध्यान केन्द्रित करते हुए कांग्रेस द्वारा जारी हमारे घोषणा पत्र ‘हम निभाऐंगे’ के समक्ष भाजपा द्वारा जारी किया गया घोषणा पत्र कहीं भी नहीं ठहरता। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रमाकांत गोस्वामी ने भाजपा द्वारा जारी 2019 के घोषणा पत्र पर कटाक्ष के रुप में एक शेर में देश की जनता की व्यथा व्यक्त करते हुए कहा है कि…
‘‘तेरे वादे का ज़नाज़ा हमने अपनी आंखों से उठते देखा है!
तेरा फरेब तुझसे ऊंचा है, हमने खुद आज़मा के देखा है!!’’
संकल्प पत्र उन्नति में मील का पत्थर : तिवारी
संकल्प पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने संकल्पित भारत सशक्त भारत (संकल्प पत्र) का हार्दिक स्वागत करते हुए इसे देश की जनता के लिए ऐतिहासिक घोषणा पत्र बताया। यह संकल्प पत्र देश को नई ऊंचाई और उन्नति की ओर ले जाने में मील का पत्थर साबित होगा।
यह संकल्प पत्र देश को नई पहचान देने के साथ करोड़ों लोगों को अंत्योदय से जोड़ने का काम करेगा। भाजपा की सरकार वर्ष 2022 तक प्रत्येक परिवार को पक्का मकान देगी, यह योजना उनके लिए होगी जिसके पास कच्चा मकान हो या फिर मकान नहीं होगा।
भाजपा का घोषणा पत्र जुमलों का नया सेट : केजरीवाल
आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा के घोषणापत्र (संकल्प पत्र) को जुमलों का नया सैट बताया है। भाजपा के 2014 के जुमलों का क्या हुआ? यह बताए बिना भाजपा जुमलों का नया सैट लेकर आई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह में नोटबंदी के कारण बताने तथा किसानों को बर्बादी की तरफ धकेलने के पीछे की वजहों को बताने का साहस नहीं है। उन्होंने पूछा कि हमारे युवाओं के लिए प्रति वर्ष दो करोड़ नौकरियों का वादा किया,किसानों के भले के लिए क्या किया?