दिल्ली के तैमूर नगर में युवक के मर्डर के बाद लोगों ने किया हंगामा, कई वाहनों में तोड़फोड और आगजनी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

दिल्ली के तैमूर नगर में युवक के मर्डर के बाद लोगों ने किया हंगामा, कई वाहनों में तोड़फोड और आगजनी

NULL

नई दिल्ली: दिल्ली के तैमूर नगर इलाके में रविवार की रात करीब 9 बजे रूपेश नाम के शख्स को गोली मार दी गई। 34 साल के रूपेश को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घो‌षित कर दिया।  इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में जमकर हंगामा किया।गुस्साए लोगों ने कई वाहनों के साथ तोड़फोड़ की और कुछ वाहनों को आग के हवाले भी किया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस फिलहाल हत्या और उसके बाद हुए हंगामे की जांच कर रही है। पुलिस ने मृतक युवक की पहचान रुपेश के रूप में की है। पुलिस ने घटना के समय मौजूद चश्मीदीदों से भी बात की है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चश्मीदीदों के अनुसार दो हमलावर एक बाइक से आए थे और घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने फिलहाल शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पीड़ित परिवार का कहना है कि हमलावर रुपेश के भाई को मारने आए थे जो बीते लंबे समय से इलाके में कुछ लोगों द्वारा चलाए जा रहे नशे के धंधे के खिलाफ आवाज उठा रहा है, लेकिन उन्होंने गोली रुपेश को मार दी। उनका आरोप है कि रुपेश के भाई ने पुलिस को पहले कई बार इस बात की जानकारी दी थी कि उसे कुछ लोग जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। ऐसे में उसे सुरक्षा दी जाए। इस सब के बावजूद भी पुलिस ने समय रहते आरोपियों को पकड़ने के लिए कुछ भी नहीं किया। अगर पुलिस समय पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करती तो आज रुपेश की हत्या नहीं होती।

इन सब के बीच दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जिले के डीसीपी चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं जो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं। आरोपियों की पहचान करने के लिए इलाके से कई सीसीटीवी फुटेज भी लिए गए हैं। उन्होंने रुपेश की हत्या के बाद इलाके में हुए हंगामे पर कहा कि रविवार शाम हुई घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति थी।

गुस्साए लोगों ने वाहनों को निशाना बनाया था लेकिन पुलिस को घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद ही स्थिति को काबू में किया गया। अब स्थिति पूरी तरह से समान्य है। हमारी कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। साथ घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। ताकि आरोपियों की पहचान जल्द से जल्द की जा सके। हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।