पश्चिमी दिल्ली : रोहिणी जिले के नरेला इलाके में बीते 48 घंटे के अंतराल में कैश वैन लूट की दूसरी बड़ी वारदात सामाने आई है। नरेला इलाके में गुरुवार दिनदहाड़े बदमाशों ने वर्धमान मॉल के बाहर कैश वैन के गार्ड व कैशियर की हत्या कर 12 लाख रुपये लूट लिये। वारदात के दौरान बदमाशों ने 25 से 30 राउंड गोलियां बरसाकर दोनों को संभालने तक का मौका नहीं दिया। घायलों को तुरंत राजा हरिशचंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां कैशियर रजनीकांत (50) को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं गार्ड प्रेम कुमार (40) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नरेला पुलिस घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की पहचान में जुटी हुई है।
रोहिणी जिले के डीसीपी रजनीश गुप्ता के अनुसार वारदात दोपहर करीब 2.30 बजे हुई। कैश वैन पांच-छह जगह से कैश इकट्ठा कर वर्धमान मॉल आई थी। यहां वैन को डीएसआईआईडीसी की शराब की दुकान से कैश कलेक्शन करना था। कैश वैन में चालक कैलाश (32) के अलावा कैशियर रजनीकांत और गार्ड प्रेम कुमार मौजूद था। प्रेम और रजनीकांत अंदर कैश कलेक्शन करने चले गए। रुपये लेकर जैसे ही दोनों वैन की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। दोनों को संभालने का मौका भी नहीं मिला। 18 से 20 गोलियां रजनीकांत को लगी, जबकि प्रेम को पांच से छह गोली लगी। इधर वारदात के बाद बदमाशों ने रुपयों का बक्सा उठाकर मौके से फरार हो गए।
गोलियां चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक कैलाश ने पुलिस को सूचना दी। घायल रजनीकांत व प्रेम कुमार को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रजनीकांत को मृत घोषित कर दिया। वहीं इलाज के दौरान कुछ ही देर में प्रेम कुमार की भी मौत हो गई। सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस को आशंका है कि बदमाश कैश वैन का काफी दूर से पीछा करते आ रहे हैं। मौका मिलते ही बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस शाहबाद डेयरी वाली सीसीटीवी फुटेज से उसको मिलाने का प्रयास कर रही है। ज्ञात हो कि मंगलवार को बदमाशों ने शाहबाद डेयरी इलाके के हौलंबीकलां में सीएमएस कंपनी की कैश वैन को लूटने का प्रयास किया था। बदमाश अपने मकसद में तो कामयाब नहीं हो पाए थे, लेकिन उन्होंने गार्ड व कैश के कस्टोडियन को गोली मार दी थी। वहां भी बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे। पुलिस इसी आधार पर मामले की तहकीकात कर रही है।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


















